छत्तीसगढ़

अवैध कोयला कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 1500 मीट्रिक टन कोयला जब्त

Shantanu Roy
28 May 2026 10:58 PM IST
अवैध कोयला कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 1500 मीट्रिक टन कोयला जब्त
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोल डिपो सील कर दिया है और करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान मौके से जेसीबी और हाइवा वाहन भी सील किए गए, जबकि कुछ चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, सोमवार को कलेक्टर और एसएसपी की ओर से कोल डिपो संचालकों के साथ बैठक कर सख्त चेतावनी दी गई थी। इसके कुछ ही घंटों बाद खनिज विभाग की टीम ने Ratanpur क्षेत्र के ग्राम लिम्हा में स्थित मेसर्स कश्यप कोल डिपो पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान जांच में पाया गया कि डिपो का भंडारण लाइसेंस पहले ही समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वहां अवैध रूप से कोयले का भंडारण और कारोबार जारी था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डिपो को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार मौके से करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला, एक ट्रेलर और एक लोडर मशीन जब्त की गई। सभी मशीनरी और सामग्री को मौके पर ही सील कर दिया गया। इसके साथ ही ट्रेलर और अन्य उपकरणों को रतनपुर थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
कार्रवाई के दौरान संयुक्त जांच टीम को शासकीय भूमि पर बिना अनुमति खनिज उत्खनन के संकेत भी मिले। इसके बाद टीम ने मौके से दो जेसीबी मशीनें जब्त कीं। वहीं कार्रवाई की भनक लगते ही दो हाइवा वाहनों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इन दोनों हाइवा वाहनों को भी बाद में सील कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज गतिविधियों पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इसके अलावा खनिज विभाग ने पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी क्षेत्रों में भी जांच अभियान चलाया। इस दौरान पचपेड़ी क्षेत्र में अवैध चूना पत्थर परिवहन करते एक हाइवा वाहन को जब्त किया गया, जबकि लावर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते दो हाइवा भी पकड़ में आए। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। खनिज विभाग ने यह भी कहा है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए विशेष निगरानी टीमों को सक्रिय किया गया है। आने वाले दिनों में और भी सघन अभियान चलाए जाएंगे।
Next Story