छत्तीसगढ़

अवैध पशु परिवहन पर बड़ी कार्रवाई 10 मवेशी बरामद चार आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
2 Sept 2026 5:13 PM IST
अवैध पशु परिवहन पर बड़ी कार्रवाई 10 मवेशी बरामद चार आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Kabirdham. कबीरधाम। जिले में अवैध पशु परिवहन और पशुओं के साथ क्रूरता के खिलाफ पंडरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे 10 मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत का पिकअप वाहन भी जब्त किया गया। मवेशियों सहित जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में जिले में अवैध पशु परिवहन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन और एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अजय सिन्हा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
संदिग्ध पिकअप की जांच में मिले मवेशी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे पुलिस टीम ग्राम नरसिंहपुर कला में बिरेन्द्र जांगड़े की दुकान के पास जांच कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक CG-09-JS-4877 को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस का कहना है कि पिकअप में 10 मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर रखा गया था। उनके लिए पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। पशुओं को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक परिवहन किए जाने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। सभी 10 मवेशियों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला गया और पिकअप को जब्त कर लिया गया।
चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुर्रे (30) निवासी सोनपुरी थाना पंडरिया, लेखराज महिलांगे (38), बलदाऊ चंद्राकर (45) और अजय चंद्राकर (23) शामिल हैं। अंतिम तीनों आरोपी बांधा के रहने वाले बताए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10, पशु क्रूरता अधिनियम तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
3.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मवेशी बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। वहीं पशु परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन की कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल करीब 3 लाख 70 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
इस साल 40 आरोपियों की गिरफ्तारी
कबीरधाम पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में पशु तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस साल अब तक 14 प्रकरणों में 40 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। इन मामलों में पुलिस ने कुल 8 वाहनों को जब्त किया है। इसके अलावा अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान कुल 137 गौवंश एवं अन्य पशुओं को अवैध परिवहन और तस्करी से बचाया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में संदिग्ध वाहनों और पशु परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौवंश एवं अन्य पशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवैध पशु परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story