छत्तीसगढ़

गांजे की अवैध खेती पर बड़ी कार्रवाई, बाड़ी से 16.90 लाख का मादक पदार्थ जब्त

Shantanu Roy
22 Feb 2026 12:16 AM IST
गांजे की अवैध खेती पर बड़ी कार्रवाई, बाड़ी से 16.90 लाख का मादक पदार्थ जब्त
x
छग
Kanker. कांकेर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांकेर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कानागांव में पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर की बाड़ी से लाखों रुपए मूल्य का गांजा जब्त किया। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कुल अनुमानित कीमत 16 लाख 90 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर
विशेष टीम
का गठन कर ग्राम कानागांव में दबिश दी गई। यहां कानागांव निवासी सुकालु राम उईके (50 वर्ष) के घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बाड़ी की तलाशी ली, जहां 351 छोटे-बड़े गांजे के पौधे पाए गए। इन पौधों का कुल वजन 31 किलोग्राम से अधिक था। पुलिस ने सभी पौधों को विधिवत जब्त कर लिया, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 लाख 50 हजार रुपए बताई गई।


तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के कब्जे से एक नीले रंग की प्लास्टिक बोरी भी मिली, जिसमें 2 किलो 740 ग्राम सूखा गांजा रखा हुआ था। बरामद सूखे गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई। इस प्रकार, पौधों और सूखे गांजे सहित कुल जब्ती की कीमत 16 लाख 90 हजार रुपए पहुंच गई। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देश पर की गई। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस
अंतागढ़
शुभम तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से दबिश देकर आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला जेल कांकेर भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और खेती के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के उल्लंघन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप का माहौल है।
Next Story