छत्तीसगढ़
चक्रधरनगर और छाल पुलिस की जुआ फड़ों पर बड़ी कार्रवाई, 11 जुआरी गिरफ्तार
Shantanu Roy
3 Nov 2026 4:04 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन अंकुश" के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाइयां जारी हैं। इसी कड़ी में 2 नवंबर 2026 को चक्रधरनगर और छाल थाना पुलिस की संयुक्त व अलग-अलग टीमों ने जुआ फड़ों पर दबिश देकर कुल 11 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ों से कुल ₹48,800 नकद, 52 पत्ती ताश और 8 एंड्रॉइड व कीपैड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत वैधानिक मामला दर्ज किया गया है।
चक्रधरनगर पुलिस की पडरीपानी में कार्रवाई
थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा को गोपनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि पडरीपानी पूर्व बस्ती के बाहर खुले मैदान में कुछ लोग पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर 'काटपत्ती' नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड मारी। पुलिस को अचानक आते देख कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग निकले, लेकिन पुलिस ने मौके से दो आरोपियों- प्रवीण कुमार निषाद (37 वर्ष, निवासी चिरजीवीदास नगर) और अजय कुमार कुसराम (43 वर्ष, निवासी पडरीपानी पूर्व)—को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से ₹24,800 नकद, ताश की गड्डी और एक प्लास्टिक चटाई जप्त की गई।
छाल पुलिस की दो जुआ फड़ों पर दबिश
उधर, थाना छाल पुलिस को 01-02 नवंबर की दरमियानी रात ग्राम बांधापाली मंदिर के पास खेदापाली क्षेत्र में बिजली की रोशनी में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली। थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक शिव खरे एवं प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर एक साथ रेड मारी।
पहला फड़: पुलिस ने मुकेश कुमार साहू (38), दुरबिन लाल यादव (42), सुरेन्द्र कुमार नायक (52), विरेन्द्र उर्फ दामोदर (44) और बलराम सिंह उर्फ रवि ठाकुर (36) को पकड़ा। इनके कब्जे से ₹12,450 नकद, ताश की गड्डी और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए।
दूसरा फड़: पुलिस ने पंचम सिंह गोंड (39), राजेन्द्र उर्फ राजा निर्मलकर (35), दीपक पटेल (22) और ललेश चन्द्रा (33) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से ₹11,550 नकद, ताश की गड्डी और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए। छाल पुलिस ने इन 9 आरोपियों से कुल ₹24,000 नकद और 8 मोबाइल जब्त कर कानूनी कार्रवाई की।
एसएसपी का कड़ा संदेश
मामले में एसएसपी रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियां सामाजिक व आर्थिक अपराधों को जन्म देती हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे असामाजिक तत्वों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ निरंतर सख्त कदम उठाती रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी जुआ-सट्टा संचालित होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
Tagsरायगढ़ पुलिसऑपरेशन अंकुशएसएसपी शशि मोहन सिंहचक्रधरनगर थानाछाल थानाजुआ फड़ रेडजुआ प्रतिषेध अधिनियमपडरीपानी जुआबांधापाली जुआरायगढ़ न्यूजRaigarh PoliceOperation AnkushSSP Shashi Mohan SinghChakradharnagar Police StationChhal Police Stationgambling den raidsGambling Prohibition ActPadripani gamblingBandhapali gamblingRaigarh News
Next Story





