छत्तीसगढ़
कोयला हेराफेरी का बड़ा खुलासा, सप्लाई करने वाले तीन ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार
Shantanu Roy
29 May 2026 10:36 PM IST

x
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में कोयले की हेराफेरी और मिलावट का बड़ा मामला सामने आया है। प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड (पीआईएल) चांपा के लिए भेजे जा रहे कोयले में मिलावट कर घटिया कोयला सप्लाई करने वाले तीन ट्रक ड्राइवरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने तीन ट्रेलर और करीब 115.04 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चांपा पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को कोयला सप्लाई में होने वाली गड़बड़ियों पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पीआईएल चांपा के वरिष्ठ सुरक्षाधिकारी सुरेश कुमार ने 28 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि भास्करपारा कोल माइंस, सूरजपुर से कुंवर ट्रांसपोर्ट भैयाथान के माध्यम से तीन ट्रेलरों में उच्च गुणवत्ता का कोयला पीआईएल चांपा भेजा गया था। यह ट्रक 25 मई को रवाना हुए थे और 27 मई की दोपहर बाद प्लांट पहुंचे।
प्लांट में जब कोयला आरएमएच विभाग में खाली कराया गया तो उसकी गुणवत्ता संदिग्ध और बेहद खराब पाई गई। जांच के दौरान कोयले में मिलावट होने का संदेह गहरा गया, जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रक चालकों ने रास्ते में कोयले की हेराफेरी की थी। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में ट्रेलरों से उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतार दिया और उसकी जगह घटिया स्तर का कोयला भरकर पीआईएल चांपा पहुंचाया।
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 269/26 के तहत धारा 316(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी और पूछताछ के आधार पर गणेश कोल डिपो अमझर से बदला गया कोयला भी बरामद कर लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन ट्रेलर वाहन और लगभग 115.04 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शेख सरफरोज (35 वर्ष) निवासी गढ़वा झारखंड, अजमत अंसारी (32 वर्ष) निवासी गढ़वा झारखंड और रामचंद्र (30 वर्ष) निवासी सोनभद्र उत्तर प्रदेश शामिल हैं। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि कोयला सप्लाई में किसी भी प्रकार की अनियमितता या धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tagsजांजगीर-चांपाचांपा थानाकोयला हेराफेरीप्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेडपीआईएल चांपाकोयला मिलावटट्रक ड्राइवर गिरफ्तार115 टन कोयला जब्तगणेश कोल डिपोभास्करपारा कोल माइंसविजय कुमार पाण्डेयकोयला चोरीचांपा पुलिस कार्रवाईJanjgir-ChampaChampa Police StationCoal ScamPrakash Industries LimitedPIL ChampaCoal AdulterationTruck Driver Arrested115 Tonnes Coal SeizedGanesh Coal DepotBhaskarpara Coal MinesVijay Kumar PandeyCoal TheftChampa Police Action
Next Story





