छत्तीसगढ़

जशपुर में गौवंश तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
29 Oct 2026 12:09 AM IST
जशपुर में गौवंश तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Jashpur. जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लोदाम, सिटी कोतवाली जशपुर और दुलदुला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छह चक्का ट्रक में क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाए जा रहे 38 गौवंश को बरामद किया है। पुलिस की घेराबंदी देखकर तस्करी में शामिल संदिग्ध ट्रक रोककर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक क्रमांक JH-02-L-0355 को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस की घेराबंदी देख ट्रक छोड़कर भागने लगे आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान संदिग्ध ट्रक की घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखकर ट्रक में सवार संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया। ट्रक की जांच करने पर उसके अंदर बड़ी संख्या में गौवंश भरे हुए मिले। पुलिस के अनुसार, सभी 38 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक वाहन में रखा गया था। इसके बाद पुलिस ने मवेशियों को बरामद कर वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की।

झारखंड के लोहरदगा जिले का आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोजामिल अंसारी (29 वर्ष), निवासी ग्राम उगारा, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से तस्करी के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। इस मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।

ट्रक के आगे कार से रेकी करने का खुलासा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करी में इस्तेमाल ट्रक के आगे एक कार में सवार कुछ संदिग्ध लोग चल रहे थे। आरोप है कि वे रास्ते में पुलिस की चेकिंग और नाकाबंदी की जानकारी ट्रक में मौजूद लोगों तक पहुंचा रहे थे। पुलिस के अनुसार, गौवंश को कोरबा जिले के मोरगा क्षेत्र से लोड कर झारखंड के सिसई की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस इस कथित तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।

पुलिस से बचकर भागने के दौरान एक व्यक्ति की मौत
इस कार्रवाई के दौरान एक अन्य गंभीर घटना भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, ट्रक से कूदकर भागने के दौरान गौतम कुमार भगत उर्फ चरकू गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर मौत की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

तीन थानों की संयुक्त कार्रवाई, ट्रक जब्त
लोदाम, सिटी कोतवाली जशपुर और दुलदुला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी 38 गौवंश को बरामद कर ट्रक जब्त किया है। मामले में छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौवंश तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब वाहन के स्वामित्व, मवेशियों के स्रोत, तस्करी में शामिल अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Next Story