छत्तीसगढ़

रायपुर में ज्वेलरी शॉप में बड़ी सेंधमारी, लाखों के सोना-चांदी पार

Shantanu Roy
30 Sept 2026 7:10 PM IST
रायपुर में ज्वेलरी शॉप में बड़ी सेंधमारी, लाखों के सोना-चांदी पार
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर चौकी अंतर्गत श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में सेंधमारी कर बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। दुकान संचालक ने करीब डेढ़ किलो सोना और साढ़े तीन किलो चांदी चोरी होने का दावा किया है। घटना की सूचना के बाद क्राइम ब्रांच, फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वॉड, एफएसएल और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की गई। जानकारी के अनुसार चोरी की वारदात मंगलवार रात की बताई जा रही है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे दुकान संचालक ज्वेलरी शॉप खोलने पहुंचा। दुकान के अंदर दाखिल होने पर सामान बिखरा हुआ मिला और कई ज्वेलरी बॉक्स खाली दिखाई दिए। इसके बाद संचालक ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान के अंदर तथा आसपास के हिस्से की जांच शुरू की। वारदात को अंजाम देने के तरीके का पता लगाने के लिए फिंगरप्रिंट और एफएसएल की टीमों ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास के क्षेत्र में आरोपियों के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। दुकान संचालक के मुताबिक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति अंदर घुसते दिखाई दे रहा है। आरोप है कि चोर ने दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति दुकान के भीतर रखे ज्वेलरी बॉक्स खंगालते और सामान ले जाते नजर आ रहा है।
प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि वारदात में तीन लोगों की भूमिका हो सकती है। बताया जा रहा है कि दो आरोपी दुकान के बाहर निगरानी कर रहे थे, जबकि तीसरा अंदर जाकर चोरी कर रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों के एक्टिवा से फरार होने की जानकारी सामने आई है। दुकान संचालक का दावा है कि चोर करीब डेढ़ किलो सोना और साढ़े तीन किलो चांदी अपने साथ ले गए। चोरी गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस दुकान के स्टॉक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर चोरी गए सामान की सही मात्रा और कीमत की पुष्टि करने में जुटी है।
घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किस रास्ते से आए थे और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। संदिग्ध वाहन और आरोपियों की पहचान के लिए फुटेज का बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है। क्राइम एडिशनल डीसीपी गौरव मंडल ने बताया कि पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए हैं और उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस चोरी की वारदात में स्थानीय स्तर पर किसी की मदद या पहले से रेकी किए जाने की संभावना की भी जांच कर रही है। दुकान की दीवार तोड़कर प्रवेश किए जाने के कारण वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। ज्वेलरी शॉप से चोरी गए सोने-चांदी की मात्रा और कुल कीमत की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
Next Story