छत्तीसगढ़

सूने मकान में चोरों का बड़ा धावा, लाखों के जेवर और नकदी पार

Shantanu Roy
3 Nov 2026 3:36 PM IST
सूने मकान में चोरों का बड़ा धावा, लाखों के जेवर और नकदी पार
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर में अज्ञात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय कारोबारी अपने परिवार के साथ मध्य प्रदेश स्थित पैतृक गांव गया हुआ था। परिवार जब वापस लौटा तो मकान का मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर आलमारी का ताला टूटा हुआ था। घर में रखा कीमती सामान और नकदी गायब देखकर परिवार के होश उड़ गए। शिकायत के बाद खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला रावांभाठा के बंजारी नगर स्थित शुक्रवारी बाजार क्षेत्र का है। यहां रहने वाले सीताराम गुप्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान के कारोबारी हैं। उनके मकान के भूतल पर 'केशरवानी इलेक्ट्रॉनिक्स' नाम से दुकान संचालित होती है। इस दुकान में कूलर, आलमारी सहित विभिन्न घरेलू सामान की बिक्री की जाती है। सीताराम गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 19 अक्टूबर की दोपहर वह अपने मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित पैतृक गांव खटखरी गए थे। परिवार वहां नवरात्रि के अवसर पर गया हुआ था। इस दौरान रायपुर स्थित उनका मकान बंद था।
करीब 14 दिनों बाद 2 नवंबर को दोपहर लगभग 2 बजे जब सीताराम गुप्ता परिवार के साथ वापस लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर प्रवेश करने पर कमरों में सामान बिखरा हुआ था। आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। परिवार ने जब आलमारी में रखे जेवरात और नकदी की जांच की तो कीमती सामान गायब मिला। पीड़ित कारोबारी के मुताबिक, चोर घर से करीब 7 से 8 तोला सोने के आभूषण, लगभग 2 किलोग्राम चांदी के जेवर और 5 से 8 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सोने के आभूषणों में करीब ढाई तोला मंगलसूत्र, एक तोला मनचली, डेढ़ तोला सोने का हार, एक तोला झुमकी और एक तोला अंगूठी शामिल हैं। वहीं चांदी के जेवरात में करधन, अधकमरी, पायल, छागल, बिछिया और बच्चों के आभूषण शामिल बताए गए हैं।
इस चोरी की घटना में सबसे दुखद पहलू यह है कि चोरों ने परिवार को मिली सहायता राशि भी नहीं छोड़ी। सीताराम गुप्ता के अनुसार, उनके बेटे की डैम में डूबने से मौत हो गई थी। बेटे के निधन के बाद परिवार को सहायता राशि के रूप में चार लाख रुपये मिले थे। यह रकम भी आलमारी में रखी हुई थी, जिसे चोर अपने साथ ले गए। पीड़ित ने बताया कि चोरी गई शेष नकदी उनके कारोबार से संबंधित थी। इस तरह परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ भावनात्मक आघात भी पहुंचा है। पुलिस रिकॉर्ड में चोरी गई संपत्ति का शुरुआती मूल्यांकन 7 लाख 50 हजार रुपये से अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि, पीड़ित द्वारा बताए गए सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी के आधार पर कुल नुकसान की राशि इससे अधिक हो सकती है। वास्तविक नुकसान का आकलन जांच और संपत्ति के मूल्यांकन के बाद स्पष्ट होगा।
घटना के बाद सीताराम गुप्ता ने खमतराई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक रखलाल भारती कर रहे हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर सूने मकानों की सुरक्षा और चोरी की बढ़ती वारदातों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Next Story