छत्तीसगढ़

रायपुर में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, 57 ठेले और 75 होर्डिंग जब्त

Shantanu Roy
29 Nov 2026 10:17 PM IST
रायपुर में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, 57 ठेले और 75 होर्डिंग जब्त
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम और बाधारहित बनाने के लिए यातायात पुलिस एवं नगर निगम ने अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त बाजार क्षेत्रों और चौक-चौराहों पर विशेष अभियान चलाते हुए सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 57 ठेले और 75 ग्लो साइन बोर्ड एवं होर्डिंग जब्त किए गए हैं। वहीं, पिछले छह दिनों में नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 2,004 वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना, सड़क जाम की समस्या को नियंत्रित करना और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में 27 और 28 नवंबर 2026 को नगर निगम की टीम प्रहरी एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यातायात थाना शारदा चौक, टाटीबंध, भाटागांव और फाफाडीह क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई करते हुए सड़क एवं फुटपाथ पर रखी यातायात में बाधक सामग्री हटाई गई।
संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान स्थित नवभारत प्रेस के आसपास सड़क और फुटपाथ पर लगाए गए ठेलों, अस्थायी दुकानों तथा अन्य सामग्री को हटाया। सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण आवागमन में उत्पन्न होने वाली बाधाओं को दूर करते हुए मार्ग को व्यवस्थित किया गया। डीडी नगर क्षेत्र में भी पुलिस और नगर निगम की टीम ने व्यापक कार्रवाई की। गायत्री हॉस्पिटल से गोल चौक होते हुए रिंग रोड नंबर-1 और रायपुरा चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान यातायात में बाधक सामग्री को हटाकर सड़क पर वाहनों और पैदल यात्रियों के आवागमन को सुचारु कराया गया।
भाटागांव बस स्टैंड से कुशालपुर ब्रिज तक सर्विस रोड के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने सर्विस रोड को अतिक्रमण मुक्त कराया, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल सके। इसके अलावा रायपुर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक और दो के सामने भी विशेष अभियान चलाया गया। स्टेशन के बाहर सड़क और फुटपाथ पर लगाए गए ठेलों, अस्थायी दुकानों, ग्लो साइन बोर्ड तथा होर्डिंग को हटाया गया। दो दिनों तक चली संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 57 ठेले और 75 ग्लो साइन बोर्ड एवं होर्डिंग जब्त किए गए।
अतिक्रमण हटाने के साथ ही यातायात पुलिस द्वारा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ लगातार ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों और चौक-चौराहों पर अव्यवस्थित पार्किंग से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को रोकने के लिए सभी यातायात थानों की ओर से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक छह दिनों में कुल 2,004 वाहनों के विरुद्ध नो-पार्किंग के तहत ई-चालान जारी किए गए हैं। इनमें 24 नवंबर को 329, 25 नवंबर को 308, 26 नवंबर को 201, 27 नवंबर को 324, 28 नवंबर को 399 और 29 नवंबर को 443 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इन छह दिनों में सबसे अधिक कार्रवाई 29 नवंबर को दर्ज की गई है।
सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण मार्ग की उपलब्ध चौड़ाई कम हो जाती है। इससे यातायात का दबाव बढ़ने के साथ जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। पैदल चलने वाले नागरिकों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों जैसी आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न होने की आशंका रहती है। अभियान के दौरान पुलिस और नगर निगम की टीम ने ठेला संचालकों, दुकानदारों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को समझाइश भी दी। उन्हें सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने तथा निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करने की हिदायत दी गई। दुकानों का सामान सड़क तक फैलाने से बचने के लिए भी कहा गया।
वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का दोबारा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क एवं फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। ठेले और अस्थायी दुकानें निर्धारित स्थानों पर ही लगाएं। वाहन चालक नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की है। शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त रखने के लिए नगर निगम और यातायात पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Next Story