छत्तीसगढ़

लापरवाही पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3 रोजगार सहायक बर्खास्त

Shantanu Roy
6 Oct 2026 9:38 PM IST
लापरवाही पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3 रोजगार सहायक बर्खास्त
x
छग
Baloda Bazar. बलौदाबाजार। विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबी-जी राम जी) के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम पंचायत स्तर पर सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले तीन ग्राम रोजगार सहायकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने तीनों कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायक रामकुमार यादव, जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनाखान के ग्राम रोजगार सहायक अर्जुन सिंह ठाकुर और जनपद पंचायत पलारी अंतर्गत ग्राम पंचायत बिजरडीह के ग्राम रोजगार सहायक महेंद्र कोसले को उनके दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के कारण सेवा से पृथक किया गया है।

जिला प्रशासन के मुताबिक, वीबी-जी राम जी के अंतर्गत ग्राम स्तर पर रोजगार सृजन, श्रमिक नियोजन, स्वीकृत कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन और अभिलेखों के सही संधारण की जिम्मेदारी संबंधित अमले पर होती है। इसके अलावा शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना भी ग्राम रोजगार सहायकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजना के प्रभावी संचालन के लिए ग्राम स्तर पर पदस्थ कर्मचारियों की जवाबदेही तय की गई है। यदि कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही बरती जाती है या निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं किया जाता है तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। तीनों ग्राम रोजगार सहायकों के खिलाफ की गई कार्रवाई को प्रशासन ने अनुशासनात्मक कदम बताया है। संबंधित कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही सामने आने के बाद सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि रोजगार से जुड़ी योजनाओं के संचालन में किसी तरह की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और आजीविका से जुड़े कार्यों को प्रभावी तरीके से लागू करना है। ऐसे में ग्राम पंचायत स्तर पर पदस्थ कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी गई है। प्रशासन के अनुसार, श्रमिकों के नियोजन, स्वीकृत कार्यों की प्रगति, दस्तावेजों के संधारण और योजना से जुड़े अन्य कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता आवश्यक है। इसके लिए संबंधित अमले को लगातार निर्देश दिए जाते रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, अनियमितता या निर्देशों की अवहेलना मिलने पर आगे भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। तीन ग्राम रोजगार सहायकों की सेवा समाप्त किए जाने के बाद जिले में ग्राम पंचायत स्तर पर काम कर रहे अन्य कर्मचारियों को भी अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
Next Story