छत्तीसगढ़
ऑपरेशन शंखनाद में बड़ी कार्रवाई, 17 गौवंश बरामद एक आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
25 Sept 2026 3:54 PM IST

x
छग
Jashpur. जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जशपुर पुलिस ने 23 सितंबर को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। सिटी कोतवाली और लोदाम थाना पुलिस की कार्रवाई में कुल 17 गौवंश बरामद किए गए। इनमें पिकअप वाहन में ले जाए जा रहे 9 गौवंश भी शामिल हैं, जिनमें से दो मृत मिले। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरे मामले में वाहन चालक जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में गौवंश तस्करी से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को 23 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छोटा बनई के जंगल के रास्ते एक व्यक्ति बड़ी संख्या में गौवंशों को पैदल लेकर जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आठ गौवंशों को बरामद किया। मौके पर मिले संदिग्ध व्यक्ति को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अजय नगेशिया, उम्र 36 वर्ष, निवासी कुंडिग महुआ टोली, थाना लोदाम के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी से गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस के अनुसार पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अजय नगेशिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। दूसरी कार्रवाई लोदाम थाना क्षेत्र में की गई। 23 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे लोदाम पुलिस को सूचना मिली कि पिकअप वाहन क्रमांक JH-05-DD-7297 में गौवंशों को भरकर जशपुर की ओर से पतराटोली होते हुए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ग्राम भलमंडा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान जशपुर की ओर से संदिग्ध पिकअप आते दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पिकअप को जामटोली की ओर लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पिकअप का पीछा किया। इस दौरान चालक जामटोली रास्ते के जंगल के किनारे वाहन छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें नौ गौवंश ठूंसकर भरे मिले। इनमें से दो गौवंशों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने बरामद गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया और तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। फरार चालक और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। दोनों मामलों में पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। दोनों कार्रवाई में कुल 17 गौवंश बरामद किए गए हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि लोदाम क्षेत्र के मामले में पिकअप वाहन जब्त किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Next Story





