
x
छग
Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने हायर सेकेंडरी परीक्षा 2025 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गंभीर लापरवाही बरतने पर 30 शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। मंडल ने इन सभी शिक्षकों को अगले तीन वर्षों के लिए अपने सभी कार्यों से ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तरपुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के दौरान कई मामलों में छात्रों के अंकों में 20 से 40 अंकों तक की बढ़ोतरी पाई गई। इसे गंभीर त्रुटि मानते हुए मंडल ने जांच कर यह कार्रवाई की है। जांच में यह सामने आया कि मूल्यांकन के दौरान लापरवाही और अंक देने में बड़ी अनियमितताएं की गई थीं।
माशिमं ने संबंधित शिक्षकों की एक वेतन वृद्धि को संचयी प्रभाव से रोकने की भी अनुशंसा की है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मूल्यांकन कार्य में गंभीर चूक शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर असर डालती है, इसलिए इस तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस कदम को शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है। इस कार्रवाई के बाद संबंधित शिक्षकों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। वहीं शिक्षा विभाग में भी इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
अधिकारियों के अनुसार आगे भी मूल्यांकन प्रक्रिया की निगरानी और सख्त की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी गलतियों की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल सभी संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा जारी है।
Next Story





