छत्तीसगढ़

CHP चौक हिंसा मामले में बड़ी कार्रवाई, पांच और आरोपियों को भेजा जेल

Shantanu Roy
6 Sept 2026 10:02 PM IST
CHP चौक हिंसा मामले में बड़ी कार्रवाई, पांच और आरोपियों को भेजा जेल
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र के CHP चौक लिबरा में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान हिंसा में इनकी भूमिका सामने आने के बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में अब तक कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने हिंसा के बाद
अलग-अलग धाराओं
में कई मामले दर्ज किए थे। आरोपियों के खिलाफ पुलिस बल पर हमला, मारपीट, लूटपाट, आगजनी, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा और एट्रोसिटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किए जाने की जानकारी है।
दिसंबर 2025 से चल रहा था आंदोलन
जानकारी के अनुसार, गारे पेलमा सेक्टर-1 कोल परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से प्रभावित गांवों के लोग लिबरा स्थित CHP चौक पर धरना-प्रदर्शन और आर्थिक नाकेबंदी कर रहे थे। इस दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से आंदोलनकारियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून का पालन करने की लगातार अपील की जा रही थी। इसी बीच 27 दिसंबर 2025 को CHP चौक पर चल रहा आंदोलन अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने भीड़ को उकसाया, जिसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला शुरू हो गया।
लाठी डंडे और पत्थरों से हमले का आरोप
पुलिस के अनुसार, उग्र भीड़ ने पुलिस बल पर लाठी, डंडे, टांगी और पत्थरों से हमला किया। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई थीं। आरोप यह भी है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और लगातार पथराव किया। हिंसा के दौरान पुलिस के सरकारी वॉकी-टॉकी और मोबाइल फोन लूटने के आरोप भी सामने आए थे। इसके बाद सड़क किनारे खड़े पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की गई और कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। प्लांट परिसर में भी तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न मामलों में अपराध दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी शुरू की।
पांच और आरोपियों की भूमिका आई सामने
पुलिस जांच में कमलेश सेठ (26) निवासी बिजना, अंबिका चौधरी (55) निवासी आमगांव, सुनाउ सिदार (62) निवासी लिबरा, तपस्विनी प्रधान (35) निवासी झरना और भगवती सिदार (47) निवासी धौराभाठा की कथित भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने पांचों को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस प्रकरण में इससे पहले आरोपी राजेश मरकाम को 1 जुलाई, अनिल बेहरा को 10 अगस्त और शिवशंकर प्रधान उर्फ शंकर गुप्ता को 2 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। पुलिस लगातार वीडियो फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अब तक अलग-अलग कार्रवाई में कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
बाकी आरोपियों की तलाश जारी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और गंभीर अपराधों में शामिल फरार आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। CHP चौक हिंसा मामले में आगे भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
Next Story