छत्तीसगढ़

BSP चोरीकांड में बड़ा एक्शन, 100 किलो कॉपर केबल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
4 Sept 2026 11:38 PM IST
BSP चोरीकांड में बड़ा एक्शन, 100 किलो कॉपर केबल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Durg दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के अंदर घुसकर स्क्रैप कॉपर केबल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 100 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर केबल और घटना में इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जब आरोपी चोरी किए गए कॉपर केबल को कार में लोड कर प्लांट से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। मामले की सूचना मिलने के बाद थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 को केऔसुब इकाई बीएसपी भिलाई की ओर से थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ लोग भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश कर स्क्रैप कॉपर केबल चोरी कर कार में ले जाने का प्रयास कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने हरीश बाग, प्रेम बंजारे, दीपक ठाकुर, अंकुश ठाकुर और प्रीतम कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर BSP परिसर से स्क्रैप कॉपर केबल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया 100 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर केबल बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश कर स्क्रैप कॉपर केबल को चोरी कर कार में भर रहे थे। इसी दौरान CISF जवानों की नजर पड़ी और आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीश बाग उम्र 24 वर्ष, दीपक ठाकुर उम्र 24 वर्ष, प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू उम्र 25 वर्ष, अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा उम्र 20 वर्ष और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू उम्र 31 वर्ष के रूप में हुई है। सभी आरोपी दुर्ग जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को 4 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी थाना प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर चन्द्रवंशी, सहायक उप निरीक्षक भारत सिंह चौधरी और प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। औद्योगिक परिसरों की सुरक्षा में सहयोग करते हुए अपराध रोकने में मदद करें।
Next Story