छत्तीसगढ़

एसिड अटैक केस में बड़ी कार्रवाई, कोंडागांव में युवक समेत दो संदिग्ध पकड़े गए

Shantanu Roy
5 Oct 2026 10:35 PM IST
एसिड अटैक केस में बड़ी कार्रवाई, कोंडागांव में युवक समेत दो संदिग्ध पकड़े गए
x
छग
Balod. बालोद। जिले में 22 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बालोद पुलिस से मिली सूचना के आधार पर कोंडागांव पुलिस ने आरोपी बताए जा रहे करण कुंजाम और एक महिला को पकड़ा है। दोनों को बस से पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही बालोद पुलिस की टीम कोंडागांव के लिए रवाना हो गई है। हमले के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा बालोद पुलिस की जांच के बाद किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक एसिड अटैक में घायल छात्रा एक पुलिसकर्मी की बेटी है। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसका रायपुर में इलाज चल रहा है। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी और आसपास के जिलों के पुलिस थानों को भी इसकी सूचना दी गई थी। घटना उस समय हुई जब 22 वर्षीय छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई करने के बाद अपने घर लौट रही थी। वह सिंचाई कॉलोनी में आत्मानंद स्कूल के सामने पहुंची थी, तभी एक युवक ने कथित तौर पर उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन के कारण चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार एसिड हमले से छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा गंभीर रूप से झुलसा है। चेहरे और आंख के आसपास के हिस्से में भी जलने की बात सामने आई है। फिलहाल छात्रा का रायपुर में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। टीआई, एसपी और एएसपी समेत अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की। एक सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक भागता हुआ नजर आने की जानकारी सामने आई थी। बताया गया कि वारदात के बाद आरोपी युवक पैदल तांदुला बांध के जंगलों की ओर भागा था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। आसपास के क्षेत्रों के साथ दूसरे जिलों की पुलिस को भी संदिग्ध के संबंध में जानकारी दी गई।
कोंडागांव इंस्पेक्टर सौरभ उपाध्याय के मुताबिक बालोद पुलिस की सूचना पर एसिड अटैक मामले से जुड़े दो संदिग्धों को महिंद्रा की बस से पकड़ा गया है। पकड़े गए लोगों में करण कुंजाम पिता दिनेश कुंजाम और एक महिला शामिल हैं। दोनों के पकड़े जाने की सूचना बालोद पुलिस को दे दी गई है। इसके बाद बालोद पुलिस की टीम कोंडागांव के लिए रवाना हुई। अब दोनों से पूछताछ और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्रा पर हमला किस वजह से किया गया और हमले में किस तरह के एसिड का इस्तेमाल हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटना में पकड़ी गई महिला की क्या भूमिका रही, यह भी जांच के बाद स्पष्ट होगा। बालोद पुलिस ने पूरे मामले का विस्तृत खुलासा बाद में करने की बात कही है।
Next Story