छत्तीसगढ़

तिल्दा-नेवरा पुलिस का बड़ा एक्शन, चाकू लहराने वाले 2 गिरफ्तार

SHIDDHANT
30 Aug 2026 9:05 PM IST
तिल्दा-नेवरा पुलिस का बड़ा एक्शन, चाकू लहराने वाले 2 गिरफ्तार
x
छग
Raipur रायपुर। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस ने असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों और झगड़ालू व्यक्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती चंचल तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक/एसडीओपी श्री वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में 30 अगस्त 2026 को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराकर लोगों में भय और दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 10 आदतन अपराधियों के खिलाफ बांड ओवर की कार्रवाई की गई, जबकि 15 झगड़ालू व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
चाकू लहराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, बीएनबी स्कूल के पास नेवरा में धनराज जोशी उर्फ गोलू, पिता चन्द्रभान जोशी, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14 नेवरा को धारदार चाकू लहराते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से एक चाकू बरामद कर जब्त किया गया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 371/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई। इसी तरह तिल्दा-खरोरा मुख्य मार्ग पर तुलसी वेलकम-2 के सामने चन्द्रहास टंडन, पिता राजेन्द्र टंडन, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14 नेवरा को मोटरसाइकिल पर बैठकर चाकू लहराते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से भी एक धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 372/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
10 आदतन अपराधियों का बांड ओवर
पुलिस ने क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले 10 आदतन अपराधियों को चिन्हांकित किया। इनके खिलाफ धारा 129 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय तिल्दा-नेवरा में पेश किया गया। यहां नियमानुसार बांड ओवर की कार्रवाई की गई।
15 झगड़ालू व्यक्तियों पर कार्रवाई
विवाद, मारपीट और झगड़े की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने 15 झगड़ालू व्यक्तियों को भी चिन्हांकित किया। इनके खिलाफ धारा 126 और 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, लोगों में भय पैदा करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
Next Story