RERA का बड़ा एक्शन! बिना रजिस्ट्रेशन प्लॉट बेचने पर बालाजी बिल्डर्स पर ₹20 लाख का जुर्माना

रायपुर : छत्तीसगढ़ में बिना अनिवार्य रेरा पंजीयन के भूखंडों की बिक्री करने वाले बिल्डरों के खिलाफ छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (CG RERA) ने सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने भिलाई की मेसर्स बालाजी बिल्डर्स पर 20 लाख रुपए का अर्थदंड लगाया है। यह कार्रवाई भिलाई के प्रियंका नगर और आदर्श नगर स्थित दो भू-संपदा परियोजनाओं में बिना आवश्यक पंजीयन के प्लॉट बेचने के मामले में की गई है। सीजी रेरा ने जांच में भू-संपदा (विनियमन और विकास) अधिनियम, 2016 की धारा 3 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया। इसके बाद अधिनियम की धारा 59 के अंतर्गत अर्थदंड अधिरोपित किया गया। प्राधिकरण ने संबंधित प्रमोटर को दोनों परियोजनाओं का नियमानुसार रेरा पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए हैं। प्राधिकरण द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मेसर्स बालाजी बिल्डर्स के प्रोपराइटर जुगल किशोर तिवारी हैं, जो भिलाई के दक्षिण गंगोत्री, सुपेला क्षेत्र के निवासी हैं। उनके द्वारा प्रियंका नगर स्थित खसरा क्रमांक 617/17 तथा आदर्श नगर स्थित खसरा क्रमांक 95/43 की भूमि से संबंधित परियोजनाओं में भूखंडों की बिक्री की गई थी।





