छत्तीसगढ़

रायपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बेचते 3 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
27 Sept 2026 9:55 PM IST
रायपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बेचते 3 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना राखी और अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार सुबह अलग-अलग गांवों में एक साथ छापेमार कार्रवाई कर अवैध शराब बिक्री करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 110 पौवा अवैध शराब और एक जुपिटर स्कूटी जब्त की है। रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब, मादक पदार्थों और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 27 सितंबर 2026 को थाना राखी और अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के ग्राम निमोरा, भेलवाड़ीह, कोलर, सारकी, खंडवा और तेंदुआ क्षेत्रों में सुबह-सुबह एक साथ दबिश दी। इस दौरान ग्राम निमोरा और ग्राम कोलर में अवैध शराब बिक्री करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 110 पौवा अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 11 हजार 500 रुपए बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में उपयोग की जा रही एक जुपिटर स्कूटी भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए है। पुलिस ने कुल 91 हजार 500 रुपए की सामग्री जब्त की है।

तीन आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पहली कार्रवाई ग्राम निमोरा निवासी प्रमोद जांगड़े के खिलाफ की गई। पुलिस के अनुसार प्रमोद जांगड़े पिता बगस राम जांगड़े, उम्र 33 वर्ष, थाना राखी क्षेत्र का निवासी है। आरोपी के कब्जे से 50 पौवा अवैध शराब और जुपिटर स्कूटी बरामद की गई। इस मामले में थाना राखी में अपराध क्रमांक 195/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। दूसरी कार्रवाई ग्राम कोलर निवासी धनेंद्र भारती के खिलाफ की गई। धनेंद्र भारती पिता राजकुमार भारती, उम्र 20 वर्ष, के कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला सुपर 36 शराब बरामद हुई।

इस मामले में थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 326/26 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। तीसरी कार्रवाई ग्राम कोलर निवासी गजेंद्र कुमार तारक के खिलाफ की गई। गजेंद्र कुमार तारक पिता बिसेलाल तारक, उम्र 29 वर्ष, के कब्जे से भी 30 पौवा देशी मसाला सुपर 36 शराब जब्त की गई। उसके खिलाफ थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 325/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पांच लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच अन्य व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। पुलिस का कहना है कि असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Next Story