
x
छग
रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक पांच थाना क्षेत्रों में 150 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध चाकू-पिस्टल बरामद करने के साथ आबकारी, एनडीपीएस और जुआ अधिनियम के तहत भी प्रकरण दर्ज किए गए।
पांच थाना क्षेत्रों में चला अभियान
नॉर्थ जोन के खमतराई, गुढ़ियारी, उरला, पंडरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की गई। पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कदम उठाए।
अवैध हथियारों के साथ आरोपी पकड़े गए
पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत पांच प्रकरणों में पांच व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान चाकू और पिस्टल बरामद किए गए। गुढ़ियारी और उरला थाना क्षेत्रों में अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष कार्रवाई हुई। आबकारी एक्ट के तहत 15 प्रकरणों में 15 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में तीन आरोपियों और जुआ प्रतिषेध अधिनियम के एक मामले में दो आरोपियों पर कार्रवाई हुई।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में कई लोग शामिल
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत 49 और धारा 129 के तहत दो व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा धारा 126/135(3) के तहत गुढ़ियारी में 31, खम्हारडीह में 24, उरला में 25 और पंडरी में 16 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई दर्ज की गई।
26 वारंट भी किए गए तामील
अभियान के दौरान लंबित मामलों में कुल 26 वारंट तामील किए गए। पुलिस ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए पेट्रोलिंग, संदिग्ध गतिविधियों की जांच और अवैध कारोबार के खिलाफ निगरानी जारी रहेगी।
Next Story





