छत्तीसगढ़
ऑपरेशन बाज में मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.65 लाख का मशरूका जब्त
Shantanu Roy
15 Nov 2026 4:47 PM IST

x
छग
Mungeli. मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी कीमत 59 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा 1 लाख 6 हजार 80 रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन और ब्राउन शुगर तौलने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। यह कार्रवाई भारत सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के तहत की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन बाज चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर बाड़ी में मारा छापा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरदार पटेल वार्ड निवासी सुरेन्द्र पटेल के घर के पीछे स्थित बाड़ी में चार व्यक्ति ब्राउन शुगर बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मुंगेली आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में साइबर सेल तथा सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी की। मौके पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनकी पहचान जयकुमार साहू (21), दीपक यादव (22), रोशन पटेल (20) और देवा उर्फ वेदव्यास साहू (23), सभी निवासी मुंगेली के रूप में हुई।
प्रयागराज से खरीदकर लाए थे ब्राउन शुगर
पुलिस के अनुसार, गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से तीन पैकेट में कुल 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि जयकुमार साहू, दीपक यादव और रोशन पटेल 13 नवंबर को बस से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) गए थे। वहां से ब्राउन शुगर खरीदकर वे मुंगेली पहुंचे थे। इसके बाद 14 नवंबर को जयकुमार, दीपक और रोशन के साथ देवा उर्फ वेदव्यास साहू भी ब्राउन शुगर की बिक्री की तैयारी में शामिल था। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की मदद से ब्राउन शुगर को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटने की तैयारी कर रहे थे, ताकि उसे बेच सकें। इसी दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें पकड़ लिया।
1.65 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी कीमत 59 हजार रुपये है, तीन मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 1 लाख 6 हजार 80 रुपये बताई गई है, तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की है। कुल जब्त मशरूका की कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपये आंकी गई है। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 427/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) में अपराध पंजीबद्ध किया गया। चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 15 नवंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने आम नागरिकों से की अपील
इस कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी सहित साइबर सेल और सिटी कोतवाली के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध तस्करी, बिक्री या नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
Tagsमुंगेली ब्राउन शुगर तस्करीमुंगेली पुलिस कार्रवाईऑपरेशन बाजनशा मुक्त भारत पखवाड़ाछत्तीसगढ़ ड्रग्स तस्करीड्रग्स तस्करीमुंगेली पुलिसब्राउन शुगर तस्करीMungeli brown sugar traffickingMungeli police actionOperation Baaz'Drug-Free India' fortnightChhattisgarh drug traffickingdrug traffickingMungeli policebrown sugar trafficking
Next Story





