छत्तीसगढ़
मंदिर हसौद पुलिस का बड़ा एक्शन, चाकू लहराने वाला आरोपी समेत 5 गिरफ्तार
Shantanu Roy
1 Sept 2026 10:22 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार, अवैध शराब और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले आरोपी सहित अवैध शराब बिक्री करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने धारदार चाकू, 116 पौवा देशी शराब और बिक्री रकम सहित कुल 17 हजार 260 रुपये की सामग्री जब्त की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मंदिर हसौद पुलिस लगातार क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत 31 अगस्त और 1 सितंबर 2026 को थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को 31 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम मुनगी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य निषाद पिता विनोद निषाद उम्र 19 वर्ष निवासी मुनगी थाना मंदिर हसौद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्टील का धारदार चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 411/26 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
अवैध शराब बिक्री करते चार आरोपी पकड़े गए
पुलिस ने क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ भी कार्रवाई की। नकटा मोड़ के पास अवैध रूप से शराब बिक्री करते आरोपी मिथलेश वर्मा पिता राजकुमार वर्मा उम्र 29 वर्ष निवासी टेकारी कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 48 पौवा देशी शराब कीमत 4,800 रुपये बरामद की गई। इसी तरह चंदखुरी फार्म बाजार रोड के किनारे शराब बेच रहे आरोपी प्रहलाद वर्मा पिता केशरी वर्मा उम्र 23 वर्ष निवासी चंदखुरी फार्म को पकड़ा गया। आरोपी के पास से 33 पौवा देशी शराब और 910 रुपये बिक्री रकम सहित कुल 4,210 रुपये का सामान जब्त किया गया।
इसके बाद 1 सितंबर को ग्राम चीचा पानी टंकी के पास ठेले में अवैध शराब बेच रहे आरोपी उमेश्वर अनंत पिता सुंदर लाल अनंत उम्र 36 वर्ष निवासी चीचा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 35 पौवा देशी शराब जब्त की। वहीं ग्राम चीचा पुराने तालाब के पास बरगद पेड़ के नीचे शराब बिक्री करते आरोपी जितेंद्र डहरिया पिता पुनदास डहरिया उम्र 35 वर्ष निवासी चीचा को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 40 पौवा देशी शराब और बिक्री नगदी रकम सहित कुल 4,750 रुपये की सामग्री जब्त की गई।
असामाजिक तत्वों पर भी कार्रवाई
मंदिर हसौद पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए छह अनावेदकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने धारा 170/126, 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत कार्रवाई करते हुए सभी को तहसील न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वाले, सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल बनाने वाले और अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





