छत्तीसगढ़
बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 30 दिनों में 1081 स्थायी वारंट तामील
Shantanu Roy
11 Nov 2026 8:38 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर पुलिस रेंज में लंबे समय से लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए चलाए गए विशेष अभियान 'ऑपरेशन बाज' में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में रेंज के आठों जिलों में एक महीने तक चले अभियान के दौरान कुल 1081 स्थायी वारंटों की तामिली की गई। इस दौरान कई ऐसे वारंटियों की भी धरपकड़ की गई, जो वर्षों से पुलिस रिकॉर्ड में फरार बताए जा रहे थे। अभियान में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों ने बेहतर प्रदर्शन किया। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने रेंज के आठों जिलों में लंबित स्थायी वारंटों की समीक्षा की थी। इस दौरान सामने आया कि विभिन्न न्यायालयों से जारी बड़ी संख्या में स्थायी वारंट थानों में लंबे समय से लंबित पड़े थे। समीक्षा में यह भी पाया गया कि इन वारंटों की तामिली के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे थे। इसके बाद आईजी ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया।
8 अक्टूबर से 7 नवंबर तक चला ऑपरेशन बाज
आईजी रामगोपाल गर्ग ने लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए एक महीने के विशेष अभियान को 'ऑपरेशन बाज' नाम दिया। यह अभियान 8 अक्टूबर 2026 से 7 नवंबर 2026 तक बिलासपुर रेंज के सभी आठ जिलों में चलाया गया। अभियान शुरू करने से पहले प्रत्येक जिले में लंबित स्थायी वारंटों की समीक्षा की गई। इसके बाद जिलेवार लक्ष्य निर्धारित कर सभी पुलिस अधीक्षकों को विशेष कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अलग-अलग श्रेणियों में बांटे गए लंबित वारंट
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक ने लंबित वारंटों को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित करने के निर्देश दिए। इनमें अंतर थाना, अंतर जिला, अंतर रेंज, अंतर राज्य और प्रदेश से बाहर रहने वाले वारंटियों से संबंधित मामले शामिल थे। पुलिस टीमों को आधुनिक तकनीकों की सहायता से फरार वारंटियों की पतासाजी करने के निर्देश भी दिए गए। इसके आधार पर विभिन्न जिलों में लंबित वारंटों की तामिली के लिए अभियान चलाया गया।
एक महीने में 1081 स्थायी वारंटों की तामिली
आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि ऑपरेशन बाज के तहत बिलासपुर रेंज के सभी जिलों ने मिलकर मात्र एक महीने में कुल 1081 स्थायी वारंटों की तामिली की। इस अभियान के दौरान कई ऐसे वारंटी भी पकड़े गए, जो वर्षों से फरार चल रहे थे। पुलिस रिकॉर्ड में लंबे समय से फरार बताए जा रहे इन वारंटियों की धरपकड़ को अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया है। अभियान के दौरान कुछ वारंटियों की मृत्यु होने की जानकारी भी सामने आई। ऐसे मामलों में पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किए।
बिलासपुर सहित चार जिलों का बेहतर प्रदर्शन
पुलिस महानिरीक्षक के अनुसार, ऑपरेशन बाज में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, रायगढ़ और कोरबा जिलों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। आईजी ने इन जिलों को आगामी अभियानों में अपने प्रदर्शन में सुधार करने की हिदायत दी है।
बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को मिलेगा पुरस्कार
आईजी रामगोपाल गर्ग ने अभियान के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने वाले थानों और पुलिस टीमों को पुरस्कृत करने के लिए संबंधित पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है। वहीं, अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों को भविष्य में अधिक प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक ने स्पष्ट किया है कि बिलासपुर रेंज में इस प्रकार के विशेष अभियान समय-समय पर चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य लंबित स्थायी वारंटों की संख्या को न्यूनतम स्तर तक लाना है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन बाज के सार्थक परिणाम सामने आए हैं। लंबे समय से वारंटों की तामिली नहीं होने के कारण न्यायालयों में लंबित मामलों के निराकरण की दिशा में अब नई राह खुली है।
Tagsबिलासपुर ऑपरेशन बाज1081 स्थायी वारंट तामीलआईजी रामगोपाल गर्गबिलासपुर रेंज पुलिसफरार वारंटी धरपकड़फरार वारंटियोंरामगोपाल गर्गस्थायी वारंटऑपरेशन बाजबिलासपुर रेंजBilaspurOperation Baazpermanent warrants executedIG Ramgopal GargBilaspur Range PoliceApprehension of abscondingIndividuals subject warrantsRamgopal Gargpermanent warrantsBilaspur Range.
Next Story





