छत्तीसगढ़

रायपुर में ANTF का बड़ा एक्शन, 24 घंटे में 127 किलो गांजा जब्त, 6 आरोपी पकड़ाए

Shantanu Roy
8 Oct 2026 7:56 PM IST
रायपुर में ANTF का बड़ा एक्शन, 24 घंटे में 127 किलो गांजा जब्त, 6 आरोपी पकड़ाए
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट की कार्रवाई लगातार जारी है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, गंज थाना और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 127.309 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इन दोनों मामलों में पांच वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में ओडिशा और पश्चिम बंगाल के दो अंतर्राज्यीय तस्कर भी शामिल हैं। जब्त गांजे और अन्य सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिनसन गुरिया की लगातार निगरानी में की गई है। गांजा तस्करी की सूचना मिलने के बाद पुलिस की संयुक्त टीमों ने गंज और आमानाका थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की।

फाफाडीह चौक के पास ऑटो से पकड़े गए तीन आरोपी
पहला मामला गंज थाना क्षेत्र का है। 7 अक्टूबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पचपेड़ी नाका से एक ऑटो में तीन व्यक्ति गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एएनटीएफ और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध ऑटो की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने ऑटो को फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय की ओर जाते देखा। पुलिस टीम ने ऑटो का पीछा करते हुए उसे यात्री प्रतीक्षालय के पास रुकवाया। वाहन में तीन युवक सवार मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मुकुन्द शर्मा, गोपाल वर्मा और संतोष साहू बताया। पुलिस ने उनके पास रखे ट्रॉली बैग की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

82.51 किलो गांजा और तीन मोबाइल जब्त
गंज पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 82.51 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 41 लाख 25 हजार 500 रुपये बताई गई है। इस मामले में थाना गंज में अपराध क्रमांक 303/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी में अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुकुन्द शर्मा (27 वर्ष), मूल निवासी धौलपुर, राजस्थान, वर्तमान निवासी जगदलपुर, गोपाल वर्मा उर्फ गोपी (28 वर्ष), मूल निवासी सीकर, राजस्थान, वर्तमान निवासी जगदलपुर और संतोष साहू (34 वर्ष), निवासी भाटापारा, जिला बलौदाबाजार शामिल हैं।

टाटीबंध में ग्राहक तलाश रहे थे गांजा तस्कर
दूसरी कार्रवाई 8 अक्टूबर 2026 को आमानाका थाना क्षेत्र में की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली थी कि टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास कुछ लोग गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में दो व्यक्तियों ने अपना नाम कान्हू डकुआ निवासी ओडिशा और सुमित भट्टाचार्य निवासी पश्चिम बंगाल बताया। उनके साथ विधि के साथ संघर्षरत एक बालक भी मिला। पुलिस टीम ने उनके पास रखे बैग की तलाशी ली, जिसमें गांजा बरामद हुआ।

44.799 किलो गांजा बरामद, दो अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
आमानाका पुलिस ने कार्रवाई में 44.799 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 22 लाख 39 हजार 950 रुपये बताई गई है। पुलिस ने कान्हू डकुआ (36 वर्ष), निवासी ग्राम पाण्डकुड़िया, जिला खोरदा, ओडिशा और सुमित भट्टाचार्य (36 वर्ष), निवासी हावड़ा, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ा गया है। बालक के संबंध में किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 338/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी में अपराध दर्ज किया गया है।

गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की होगी जांच
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में पकड़े गए आरोपियों से गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी। जांच में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दोनों मामलों में एंड-टू-एंड जांच की जाएगी।

85 मामलों में 190 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीमों ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 85 प्रकरणों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में कुल 6 करोड़ 31 लाख 2 हजार 810 रुपये कीमत की सामग्री जब्त की गई है। इसमें गांजा, ओशन ग्रो, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एमडीएमए, पार्टी पिल्स, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने नकदी, चारपहिया और दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, कट्टा, चाकू सहित अन्य सामग्री भी जब्त की है।

सूखे नशे के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जाएगी। गांजे की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जाएगा। राजधानी में 24 घंटे के भीतर हुई इन दो कार्रवाइयों में कुल 127.309 किलोग्राम गांजा और अन्य सामग्री जब्त किए जाने को पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
Next Story