छत्तीसगढ़
बस्तर में हड़ताली पटवारियों पर बड़ी कार्रवाई, 17 निलंबित
Shantanu Roy
12 Nov 2026 9:04 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारियों के खिलाफ राज्य शासन के निर्देशानुसार बस्तर जिला प्रशासन ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। जिले में 13 अक्टूबर से हड़ताल पर गए 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस यानी सेवा में व्यवधान घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है। प्रशासन द्वारा पहले हड़ताली पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनके काम पर वापस नहीं लौटने के बाद यह सख्त कार्रवाई की गई है।
जिले की सभी 10 तहसीलों में हड़ताल का असर देखने को मिल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बस्तर जिले की 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें 30 प्रशिक्षु पटवारी भी शामिल हैं। जिले में पदस्थ पटवारियों में से 136 पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जबकि वर्तमान में केवल 44 पटवारी कार्यरत हैं। जिला प्रशासन ने हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद काम पर वापस नहीं लौटने पर प्रशासन ने ब्रेक इन सर्विस और निलंबन की कार्रवाई की है।
जगदलपुर और बस्तर तहसील में सबसे ज्यादा असर
तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, जगदलपुर और बस्तर तहसील में हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। जगदलपुर तहसील में कुल 26 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें से 25 पटवारी हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने इनमें से 23 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया है, जबकि दो पटवारियों को निलंबित किया गया है। वर्तमान में जगदलपुर तहसील में केवल एक पटवारी कार्यरत है। वहीं, बस्तर तहसील में पदस्थ सभी 16 पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। जिला प्रशासन ने सभी 16 पटवारियों की हड़ताल अवधि को सेवा में व्यवधान घोषित किया है। इसके साथ ही दो पटवारियों को निलंबित किया गया है।
भानपुरी और बकावण्ड में भी कार्रवाई
भानपुरी तहसील में कुल 21 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें से 14 पटवारी हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने सभी 14 हड़ताली पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की है, जबकि दो पटवारियों को निलंबित किया गया है। तहसील में वर्तमान में सात पटवारी कार्यरत हैं। बकावण्ड तहसील में पदस्थ 21 पटवारियों में से 14 पटवारी हड़ताल पर हैं। इनमें से 13 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया गया है, जबकि एक पटवारी को निलंबित किया गया है।
लोहण्डीगुड़ा और करपावण्ड के पटवारियों पर गिरी गाज
लोहण्डीगुड़ा तहसील में पदस्थ कुल 22 पटवारियों में से 11 पटवारी हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने सभी 11 हड़ताली पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की है। इसके अलावा दो पटवारियों को निलंबित किया गया है। करपावण्ड तहसील में कुल 12 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें से 10 पटवारी हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने सभी 10 पटवारियों की हड़ताल अवधि को सेवा में व्यवधान घोषित करते हुए एक पटवारी को निलंबित किया है।
Next Story





