
x
छत्तीसगढ़
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: कोरबा जिले में उरगा पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 10 टन स्क्रैप जब्त किया है। जब्त किए गए कबाड़ की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई कनकी नहर पुल के पास की गई, जहां एक माजदा वाहन में भारी मात्रा में कबाड़ ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, उरगा थाना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कबाड़ की डंपिंग और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध वाहन के जरिए बड़ी मात्रा में स्क्रैप जांजगीर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने कनकी नहर पुल के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान माजदा वाहन से करीब 10,000 किलोग्राम कबाड़ बरामद हुआ। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, जब्त स्क्रैप की बाजार कीमत लाखों रुपये में आंकी गई है। पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि यह माल राजेश कर्ष नामक व्यक्ति का है और इसे जांजगीर की ओर ले जाया जा रहा था। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 102 के तहत कार्रवाई करते हुए कबाड़ और वाहन को जब्त कर लिया है। साथ ही अन्य संदिग्ध वाहनों को भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
Next Story





