छत्तीसगढ़

भिलाई के स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, पिघला लोहा गिरने से ठेकेदार की मौत

Shubhra Nandy
20 Oct 2026 11:31 AM IST
भिलाई के स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, पिघला लोहा गिरने से ठेकेदार की मौत
x
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया है। 17 अक्टूबर की रात करीब एक बजे मशीन से निकला अत्यधिक गर्म पिघला लोहा ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव (42 वर्ष) के शरीर पर गिर गया। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, संतोष श्रीवास्तव प्लांट में ठेकेदारी का काम करते थे। हादसे के दौरान टंडिश मशीन का नोजल नीचे आने से करीब 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया। इससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल में इलाज के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
आग की लपटों से घिरे व्यक्ति का वीडियो वायरल
हादसे से जुड़ा बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें आग की लपटों से घिरा व्यक्ति सीढ़ियों से नीचे भागता दिखाई देता है। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने का प्रयास करते नजर आते हैं। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे पूरे घटनाक्रम और दुर्घटना की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
बिहार के रहने वाले थे मृतक
मृतक संतोष कुमार श्रीवास्तव बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के श्यामपुर गांव, थाना सुगौली के निवासी थे। वे रोजगार के सिलसिले में छत्तीसगढ़ आए थे और बोरई औद्योगिक क्षेत्र में काम कर रहे थे। बताया गया है कि संबंधित स्टील प्लांट का निर्माण कार्य अभी जारी है, लेकिन उसके कुछ हिस्सों में काम शुरू हो चुका है।
कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब दो वर्ष पहले कंपनी के एक अन्य प्लांट में भी एक मजदूर की झुलसने से मौत हुई थी। उनके अनुसार, उस घटना के बाद मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए धरना देना पड़ा था और बाद में कंपनी ने 10 लाख रुपए की सहायता दी थी। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मौजूदा हादसे पर भी कंपनी प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
अंजोरा चौकी में मर्ग कायम, जांच शुरू
भिलाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल के अनुसार, अंजोरा पुलिस चौकी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मर्ग कायम किया गया है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों, मशीन के संचालन और मौत से संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण और संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story