छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मैनपाट टाइटंस ने रचा इतिहास, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर जीती पहली ट्रॉफी
Shubhra Nandy
2 Nov 2026 6:26 AM IST

x
जीते 11 लाख रुपए
रायपुर : छत्तीसगढ़ में हॉकी के नए युग की शानदार शुरुआत हुई है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) के पहले संस्करण में मैनपाट टाइटंस ने इतिहास रचते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर पहली ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ मैनपाट टाइटंस छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की पहली विजेता टीम बन गई है। फाइनल मुकाबले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को दी मात
छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमों ने हिस्सा लिया। लीग के पहले ही संस्करण में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, तेज रफ्तार और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही मैनपाट टाइटंस आक्रामक अंदाज में नजर आई। टीम ने शुरुआती मिनटों में विपक्षी खेमे पर दबाव बनाने का प्रयास किया और कई बार सर्कल में प्रवेश किया। दूसरी ओर संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने भी जवाबी हमलों के जरिए गोल करने के मौके बनाए। शाहरुख के एक शॉट को डिफेंडर ने रोककर अपनी टीम को संभावित गोल से बचाया।
मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। तीसरे क्वार्टर में संदीप ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मैनपाट टाइटंस को 2-1 की बढ़त दिलाई। हालांकि, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने जल्द ही पलटवार किया और पेनल्टी कॉर्नर से गोल दागकर मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया। स्कोर बराबर होने के बाद मैच और रोमांचक हो गया। अंतिम समय में मैनपाट टाइटंस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार दो गोल दाग दिए। इसके साथ ही स्कोर 4-2 हो गया और मैनपाट टाइटंस ने खिताबी जीत दर्ज कर ली।
जीते 11 लाख रुपए
इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में कुल 21 लाख रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की गई। चैंपियन मैनपाट टाइटंस को 11 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी गई, जबकि उपविजेता संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6 लाख रुपए मिले। व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी कई खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। शाहरुख अली को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। आशीष तानी पूर्ति ने पूरे टूर्नामेंट में 13 गोल दागकर टॉप स्कोरर का खिताब जीता। हिमांशु को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार मिला। स्थानीय खिलाड़ी मोहित नायक को शानदार प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ खिलाड़ी घोषित किया गया। वहीं, संदीप कुमार को इमर्जिंग प्लेयर अंडर-21 का पुरस्कार प्रदान किया गया।
फाइनल मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के अभिषेक को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और मोहित को प्लेयर ऑफ द मैच का सम्मान भी मिला। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला संस्करण राज्य की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है। प्रतियोगिता के जरिए युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। मैनपाट टाइटंस की ऐतिहासिक जीत ने इस लीग के पहले अध्याय को यादगार बना दिया।
Next Story





