
रायपुर/दिल्ली। जुलाई महीने की शुरुआत एलपीजी यूजर्स के लिए राहत भरी हुई है. दरअसल, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में तगड़ी कटौती (LPG Price Cut) का तोहफा दिया है और दिल्ली से मुंबई तक ये सस्ता हो गया है. एलपीजी सिलेंडर की बदली हुई कीमतें आज 1 जुलाई 2025 से प्रभावी हो गई हैं. यहां बता दें कि इस बार भी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी की है और राजधानी दिल्ली में ये 58 रुपये तक सस्ता हो गया है. जबकि 14 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतें जस की तस रखी गई हैं.
IOCL की वेबसाइट के मुताबिक, 1 जुलाई से लागू हुए संशोधन के बाद दिल्ली में 1723.50 रुपये में मिलने वाला कॉमिर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब घटकर 1665 रुपये का हो गया है और इस हिसाब से इसमें कंपनियों द्वारा 58.50 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की गई है. वहीं कोलकाता में जुलाई की पहली तारीख से 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर (Kolkata LPG Cylinder Price) 1826 रुपये से घटकर 1769 रुपये का हो गया है. मुंबई में इस सिलेंडर की कीमत (Mumbai LPG Price) 1674.50 रुपये से कम होकर 1616.50 रुपये, जबकि चेन्नई में 1881 रुपये में मिलने वाला सिलेंडर अब 1823.50 रुपये का मिलेगा.
यहां बता दें कि Commercial LPG Cylinder की कीमतों में इससे पिछले महीने जून में भी कटौती की गई थी और 1 जून 2025 ये सिलेंडर 24 रुपये तक सस्ता कर दिया गया था. कटौती के बाद दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (LPG Price In Delhi) घटकर 1723.50 रुपये का हो गया था, जो 1747.50 रुपये का मिल रहा था. इसके अलावा कोलकाता में ये घटकर 1826 रुपये का, मुंबई में 1674.50 रुपये (LPG Cylinder Price In Mumbai) का और चेन्नई में घटकर 1881 रुपये का हो गया था.





