छत्तीसगढ़

सिविल इंजीनियर से लूटपाट, रिवाल्वर से लैस थे बदमाश

Nilmani Pal
22 Jan 2023 7:02 AM GMT
सिविल इंजीनियर से लूटपाट, रिवाल्वर से लैस थे बदमाश
x
छग

राजनांदगांव। शहर से लगभग 8 किमी दूर नेशनल हाईवे में स्थित रिहायशी कालोनी गार्डन सिटी में शनिवार को दिनदहाड़े एक सिविल इंजीनियर पर पिस्टल तानकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। एक मोटर साइकिल में सवार होकर आए दो चोरों ने बेखौफ अंदाज में पहले सिविल इंजीनियर के कनपटी में रिवाल्वर टिका दी और उसके बाद उसे बाथरूम में बंद कर घर में रखे 50 हजार रुपए लेकर फरार हो गए।

इस घटना से परिवार में दहशत का माहौल है। वहीं लुटेरों ने एक और मकान में भी धावा बोलकर लूट की कोशिश की। उक्त मकान से खाली हाथ लौटने के बाद लुटरों ने सिविल इंजीनियर को निशाना बनाया। मिली जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे स्थित गार्डन सिटी एक्वा विलेज इंदामरा कालोनी के रहने वाले पंकज साहू रोज की तरह दोपहर का भोजन करने के लिए अपने मकान पहुंचे। उस दौरान एक मोटर साइकिल में एक व्यक्ति उनके मकान से कुछ दूर खड़ा था। अनजान चेहरा देखकर पंकज साहू ने मोटर साइकिल सवार से जानकारी ली तो उसने घूमने की बात कही।

इस बातचीत के दौरान पंकज की नजर अपने मकान पर पड़ी तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा नजर आया और एक व्यक्ति घर के अंदर से बाहर आते दिखाई दिया। इस दृश्य को देखकर पंकज को अनहोनी की आशंका हो गई थी। इससे पहले वह कुछ समझ पाते घर से निकले अज्ञात व्यक्ति ने पंकज पर सीधे रिवाल्वर तान दी। चुप रहने और जान से मारने की धमकी देते हुए रिवाल्वरधारी व्यक्ति पंकज को घर में ले गया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बाथरूम में बंद कर दिया। इससे पहले अज्ञात लुटरों ने जेब में रखे 800 रुपए को भी छीन लिया। बाथरूम में बंद कर आरोपी ने घर में रखे 50 हजार रुपए चुरा लिए और पीडि़त के मोबाइल को पलंग में छोडक़र फरार हो गए। किसी तरह पंकज बाथरूम का दरवाजा तोड़ा और बाहर आकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।


Next Story