छत्तीसगढ़

रायपुर में लंबे समय से फरार वारंटी गिरफ्तार, पुलिस ने चलाया सर्चिंग अभियान

Nil dhankar
5 Aug 2026 6:00 PM IST
रायपुर में लंबे समय से फरार वारंटी गिरफ्तार, पुलिस ने चलाया सर्चिंग अभियान
x
छग

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर सोमवार एवं मंगलवार को सेंट्रल जोन के समस्त थाना क्षेत्रों में दो दिवसीय विशेष वारंट तामीली अभियान चलाया गया। अभियान का पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला द्वारा किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर, तकनीकी विश्लेषण एवं स्थानीय सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे अनेक वारंटियों को गिरफ्तार किया। विशेष रूप से ऐसे वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई, जो विभिन्न कारणों से लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे। इसके अतिरिक्त परक्राम्य लिखत अधिनियम (Negotiable Instruments Act) की धारा 138 से संबंधित प्रकरणों के वारंटों की भी प्रभावी तामील की गई।

अभियान के अंतर्गत थाना सिविल लाइन द्वारा 24 स्थायी एवं 13 गिरफ्तारी वारंट (कुल 37), थाना तेलीबाँधा द्वारा 12 स्थायी एवं 6 गिरफ्तारी वारंट (कुल 18), थाना देवेंद्रनगर द्वारा 5 स्थायी एवं 3 गिरफ्तारी वारंट (कुल 8), थाना कोतवाली द्वारा 5 स्थायी एवं 8 गिरफ्तारी वारंट (कुल 13), थाना गोलबाज़ार द्वारा 11 स्थायी एवं 11 गिरफ्तारी वारंट (कुल 22), थाना मौदहापारा द्वारा 12 स्थायी एवं 2 गिरफ्तारी वारंट (कुल 14) तथा थाना गंज द्वारा 17 स्थायी एवं 14 गिरफ्तारी वारंट (कुल 31) तामील किए गए। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 86 स्थायी वारंट एवं 57 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 143 वारंटों की प्रभावी तामील की गई।

लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी से न्यायालयों द्वारा जारी आदेशों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है तथा अपराधियों में कानून का स्पष्ट भय स्थापित होता है। ऐसे कई वारंटी संपत्ति संबंधी एवं अन्य अपराधों में पुनः संलिप्त होने की संभावना रखते हैं। उनकी गिरफ्तारी से अपराध की पुनरावृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगता है, अपराधियों के सक्रिय नेटवर्क कमजोर होते हैं तथा आमजन में सुरक्षा एवं कानून के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ होता है। इस प्रकार के विशेष अभियान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Next Story