छत्तीसगढ़
नेपाल घूमने निकला LLB का छात्र लापता, प्रयागराज में मिला मोबाइल
Shantanu Roy
5 Sept 2026 2:29 PM IST

x
छग
Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से नेपाल घूमने के लिए घर से निकला 26 वर्षीय युवक रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है। युवक की पहचान सेवत कुमार साहू के रूप में हुई है, जो एलएलबी का छात्र है। परिजनों का उससे आखिरी बार 20 अगस्त को संपर्क हुआ था। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। हैरान करने वाली बात यह है कि बाद में युवक का मोबाइल प्रयागराज जिले में एक रेलवे फाटक के पास दूसरे व्यक्ति को मिला, लेकिन सेवत का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। परेशान परिजनों ने कुरूद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम बिजनापुरी का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी सेवत कुमार साहू 15 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे अपने घर से नेपाल घूमने जाने की बात कहकर निकला था। शुरुआत में वह अपने परिवार के संपर्क में था और यात्रा के दौरान फोन पर जानकारी भी देता रहा।
पिता से मांगे थे पैसे
परिजनों के मुताबिक, 19 अगस्त को सेवत ने अपने पिता को फोन किया था। उसने यात्रा के दौरान पैसों की जरूरत होने की बात कही। बेटे की बात सुनकर पिता ने फोन-पे के माध्यम से उसके पास 700 रुपए भेज दिए। इसके अगले दिन यानी 20 अगस्त को भी सेवत की अपने परिजनों से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने बताया था कि वह बनारस से आगे सफर कर रहा है। इसके बाद उसी शाम अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। पहले परिजनों ने माना कि यात्रा के दौरान नेटवर्क या मोबाइल की बैटरी खत्म होने के कारण संपर्क नहीं हो पा रहा होगा। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी सेवत की तरफ से कोई फोन नहीं आने पर परिवार की चिंता बढ़ने लगी।
प्रयागराज के पास मिला मोबाइल
22 अगस्त को परिजनों ने एक बार फिर सेवत के मोबाइल नंबर पर फोन लगाया। इस बार फोन सेवत ने नहीं बल्कि अमन गुप्ता नामक एक व्यक्ति ने उठाया। अमन ने परिजनों को बताया कि उसे यह मोबाइल प्रयागराज जिले के उग्रसेनपुर रेलवे स्टेशन फाटक के पास मिला था। मोबाइल प्रयागराज में मिलने की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई। युवक नेपाल पहुंचा या नहीं और उसका मोबाइल रेलवे फाटक के पास कैसे पहुंचा, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने अपने स्तर पर सेवत की तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन कहीं से भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
4 सितंबर को पुलिस के पास पहुंचा परिवार
कई दिनों तक तलाश करने के बावजूद जब सेवत घर नहीं लौटा और उससे किसी तरह का संपर्क नहीं हुआ तो उसके पिता ने 4 सितंबर को कुरूद थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामला जांच में लिया है। अब युवक की यात्रा से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। उसके मोबाइल की आखिरी गतिविधियों और प्रयागराज में मोबाइल मिलने से जुड़े घटनाक्रम की भी जांच की जा सकती है। परिजन सेवत की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। वहीं पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि 20 अगस्त को परिजनों से बात करने के बाद सेवत कहां गया और उसका मोबाइल प्रयागराज के उग्रसेनपुर रेलवे स्टेशन फाटक के पास किन परिस्थितियों में पहुंचा। फिलहाल पुलिस युवक का पता लगाने के लिए जांच में जुटी है।
Next Story





