
x
दुबई से मिलती थी बेटिंग आईडी, छत्तीसगढ़ पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
Raigarh रायगढ़: छत्तीसगढ़ पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी से जुड़े बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए गोवा से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई में सामने आया कि आरोपी ऐसे ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे, जो क्रिकेट मैच का लाइव अपडेट करीब 7 सेकेंड पहले उपलब्ध कराता था। इसी तकनीक का फायदा उठाकर आरोपी सट्टेबाजों से पहले पैसे का हिसाब अपडेट कर लेते थे और कमीशन के जरिए मोटी कमाई करते थे।
मामला रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र से जुड़ा है। जांच के दौरान पुलिस को हवाला लेनदेन, डिजिटल बेटिंग आईडी और करोड़ों रुपए के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह को बेटिंग आईडी दुबई से उपलब्ध कराई जाती थी। इसके बाद इन्हें अलग-अलग लोगों तक पहुंचाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैचों के दौरान हाईटेक तकनीक का उपयोग कर रहे थे। लाइव मैच से पहले अपडेट मिलने के कारण वे सट्टेबाजों की गतिविधियों पर तेजी से प्रतिक्रिया देकर अपना आर्थिक फायदा सुनिश्चित करते थे। इसके अलावा वे अन्य खिलाड़ियों से कमीशन लेकर अलग से कमाई भी करते थे। रायगढ़ पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंकिंग दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हुए हैं।
Next Story





