छत्तीसगढ़

सट्टा एप से अधिकारियों-नेताओं के भी लिंक

Nilmani Pal
20 Nov 2022 5:59 AM GMT
सट्टा एप से अधिकारियों-नेताओं के भी लिंक
x

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, लोकल सटोरियों पर नजर

लाखों की सट्टा-पट्टी के साथ 9 सटोरिए गिरफ्तार

रायपुर जिले में सट्टा एवं जुआ पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को कार्य योजना तैयार कर इस पर अधिक से अधिक कार्यवाही करते हुए प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। जिसके तारतम्य में 19.नव को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम द्वारा सटोरियों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर सटोरियों के विरूद्ध ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए सट्टा संचालन करने वाले कुल 09 सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी रकम 5,965/- रूपये तथा सट्टा-पट्टी जप्त किया जाकर सटोरियों के विरूद्ध थाना कोतवाली, गंज, टिकरापारा, गोलबाजार एवं मुजगहन में धारा 4क जुआ एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही करने के साथ ही सटोरियों के विरूद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत् भी कार्यवाही किया गया। सटोरियों के विरूद्ध रायपुर पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार सटोरियों के नाम 01. घनश्याम शर्मा पिता गुप्तेश्वर शर्मा उम्र 43 वर्ष साकिब पचपेड़ी नाका सर्वोदय नगर थाना न्यू राजेंद्रनगर रायपुर। 02. राकेश कनौजे पिता दुर्योधन कनौजे उम्र 40 वर्ष साकिन काशीराम नगर थाना तेलीबांधा रायपुर। 03. मुकेश सागर पिता बलवंत सागर उम्र 35 वर्ष साकिन आमानाका कुकुरबेड़ा थाना आमानाका रायपुर। 04. अशोक जाल पिता तरुण जाल उम्र 38 वर्ष साकिन नेहरू नगर कालीबाड़ी थाना सिटी कोतवाली रायपुर। 05. जय तांडी पिता स्व. सुखराम तांडी उम्र 40 साल साकिन नेहरू नगर कालीबाड़ी थाना सिटी कोतवाली रायपुर। 06. महेन्द्र ध्रुव पिता कार्तिक ध्रुव उम्र 32 साल निवासी साहूपारा भाला चौक के पास थाना गंज रायपुर। 07. मनोज बेहरा पिता रवि बेहरा उम्र 30 साल निवासी कुशालपुर संतोषी चौक थाना पुरानी बस्ती रायपुर। 08. होमलाल जांगड़े पिता हेमंत जांगड़े उम्र 26 साल निवासी ग्राम तूता थाना राखी रायपुर। 09. शिवचरण चेलक पिता सुरेश चेलक उम्र 26 साल निवासी ग्राम बनरसी थाना माना कैम्प रायपुर।

जसेरि रिपोर्टर

रायपुर। दुर्ग पुलिस ने सट्टे का रैकेट तोडऩे के लिए सरकारी लोगों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। कुछ दिन पहले कुम्हारी के एक सिपाही को निलंबित किया गया है। वह ऑनलाइन सट्टे के एप के लिए लाइजनिंग कर रहा था और आईडी चलाता था। उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई है। उसकी सर्विस खत्म करने की तैयारी है। कुछ माह पहले 6 सिपाहियों पर कार्रवाई की गई थी। रायपुर में भी कुछ अधिकारी, कर्मचारी और नेताओं की इससे जुड़े होने की चर्चा है। हालांकि रायपुर में किसी भी सरकारी कर्मचारी-अधिकारी या नेताओं पर कार्रवाई अब तक नहीं हुई है। पुलिस दुर्ग के सतीश कुमार को भी पकड़ नहीं पाई है, जो लगातार रायपुर-दुर्ग में देखा जा रहा है। वह अधिकारियों के साथ उठ-बैठ रहा है।

दुबई में सटोरियों को मिला था 5-5 लाख का कूपन

सट्टेबाजी रैकेट के दुबई में आयोजित ग्रैंड सेलिब्रेशन पार्टी से लौटे लोगों को 5-5 लाख का कूपन दिया गया था। दो महीने तक पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के दौरान कूपन का उपयोग नहीं किया गया। अब कूपन का उपयोग शुरू कर दिया गया है। कुछ लोगों ने कूपन से शॉपिंग की है। उससे महंगे मोबाइल और ज्वेलरी खरीदी है। इसमें किसी को भी पुलिस ने अब तक तलब नहीं किया है, जबकि राज्य के 80 से ज्यादा सराफा कारोबारी, बिल्डर्स और नेताओं के दुबई जाने की चर्चा थी। वे लौट आए हैं और शहर में घूम रहे हैं। वे अभी भी सट्टे के एप की आईडी चला रहे हैं।

प्रॉपर्टी की जानकारी निकाल रही पुलिस

चर्चा है कि पुलिस आरोपी सौरभ रवि, सतीष सहित मुख्य आरोपियों की प्रॉपर्टी की जानकारी निकाल रही है। उसे कुर्क करने की तैयारी है। उनके रायपुर, दुर्ग में रहने वाले रिश्तेदारों की सूची बनाई जा रही है। पुलिस को शक है कि आरोपियों के रिश्तेदार भी ऑनलाइन सट्?टा एप से जुड़े हुए है। आईडी लेकर गुपचुप तरीके से दांव ले रहे है। पुलिस आरोपियों के रिश्तेदार पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पुलिस को रवि के एक रिश्तेदार का क्लू मिला है।

ईडी को दी गई जानकारी

सोशल मीडिया में 7 पेज का एक पर्चा पिछले एक माह से चल रहा है। उसमें सट्टा खिलाने वाले एप के इतिहास से लेकर वर्तमान का उल्लेख है। भिलाई के सौरभ चंद्राकर, रवि उत्पल समेत अन्य लोगों ने कैसे एप शुरू किया? कैसे वे लोग विदेश जाकर सिस्टम को ऑपरेट कर रहे हैं? इसकी जानकारी दी गई है। इसमें कई बड़े लोगों के नाम का उल्लेख है। हालांकि पर्चे की सत्यता पर सवाल है। चर्चा है कि यह पर्चा ईडी और आईटी को भेजा गया है।

दिल्ली में दबिश, 16 सटोरिए पकड़ाए, 100 करोड़ से अधिक का ट्रांजेक्शन का पता चला

दिल्ली में महादेव ऐप चलाने वाली दो ब्रांच को दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। दोनों ब्रांच दिल्ली के साकेत नगर में थीं। पुलिस ने दोनों ठिकानों पर दबिश देकर 16 लोगों को दबोचा है। वहीं एक सटोरिया भाग गया। मौके से 31 मोबाइल, 8 लैपटॉप समेत अन्य गैजेट्स बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों के लेकर दुर्ग लौट रही है। पुलिस ने बताया कि जो आरोपी फरार है, एक राजनीति दल के छात्र संगठन का सक्रिय कार्यकर्ता है।

पुलिस का दबाव बढ़ा तो भिलाई छोड़ भागे

दुर्ग पुलिस की लगातार कार्रवाई से पैनलिस्ट दुर्ग-भिलाई से महादेव ऐप की ब्रांच को लेकर दूसरे राज्य चले गए थे। कुछ पंजाब, तो कुछ ने दिल्ली को ठौर बना लिया। दिल्ली में ब्रांच की जानकारी मिलने पर एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने एक 10 सदस्यीय टीम को दिल्ली रवाना किया। जहां टीम ने साइबर सेल की मदद से उनके ठिकानों पर दबिश दी गई। एक ब्रांच से 10 और दूसरी ब्रांच से 6 लोग पकड़े गए। पुलिस ने मौके से पूरा सेटअप पकड़ा है। बताया जाता है कि यही लोग पहले पंजाब में ब्रांच चला रहे थे। दुर्ग पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही वे भाग निकले।

दोनों ब्रांच भिलाई के अमन हंस की

आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि यह दोनों ब्रांच वैशाली नगर भिलाई निवासी अमन हंस की हैं। अमन हंस पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने 16 आरोपियों से 50 पासबुक बरामद की है जिसमें करीब 100 करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन मिला।

सन्नी व सतनाम भाग गए दुबई

पुलिस ने बताया कि वैशाली नगर निवासी सटोरिया सतनाम सिंह और उसका चचेरा भाई सन्नी दोनों पंजाब में अपने साथी लक्की हंस के साथ मिलकर महादेव ऐप की ब्रांच चला रहे हैं। सन्नी और सतनाम पंजाब से दिल्ली गए थे। दोनों को दुर्ग पुलिस की टीम के दिल्ली पहुंचने की भनक लग गई थी। दोनों भाग खड़े हुए। पुलिस ने इसकी जानकारी ईडी को दे दी है।

ये हैं पकड़े गए आरोपी

पुलिस ने बताया कि एक ब्रांच से राजनांदगांव सोमनी निवासी करन धनकर (21 वर्ष), धमधा चिखली का रविन्दर सिंह (22 वर्ष), सुपेला लक्ष्मी मार्केट निवासी आनंद ठाकुर, खुर्सीपार भिलाई का राहुल मांझी, व महावीर सिंह पकड़े गए हैं। दूसरी ब्रांच से भिलाई सेक्टर-4, निवासी नरेंद्र सिंह गिल, (25 वर्ष), खुर्सीपार सेक्टर-11 निवासी सर्वजीत सिंह, (25 वर्ष), सुपेला लक्ष्मी मार्केट निवासी चंद्रभूषण साहू, (24 वर्ष), खुर्सीपार सेक्टर-11 के आकाश चौधरी, (23 वर्ष), सेक्टर-4 नवीन कुमार बंजारे, (27 वर्ष), मोनिश सोनवानी, (25 वर्ष), मोहम्द गुलरेज, (22 वर्ष), कैंप-1 जयंत सेन (22 वर्ष), रिसाली अभिषेक साहू, (21 वर्ष), फरीदनगर मोहम्मद सोहेल खान, (24 वर्ष), सुपेला रामनगर साहूपारा रोशन सिंह, (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली के साकेत नगर में दबिश देकर महादेव ऐप की दो ब्रांच से 16 आरोपियों को पकड़ा गया है। मौके से 50 पासबुक और 100 करोड़ से अधिक ट्रांजेक्शन का पता चला है। टीम के भिलाई आने पर विस्तार से खुलासा किया जाएगा। -डॉ. अभिषेक पल्लव, एसपी, दुर्ग

Next Story