छत्तीसगढ़
खेत से घर लौट रही महिला पर गिरी बिजली, मौके पर हुई मौत
Shantanu Roy
23 Aug 2026 10:33 PM IST

x
छग
Mungeli. मुंगेली। जिले के ग्राम पंडरभट्टा में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। खेत में काम करने के बाद पैदल घर लौट रही 46 वर्षीय महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि महिला को बचने का कोई मौका नहीं मिल सका। मृतका की पहचान ग्राम पंडरभट्टा निवासी गीता बाई पटेल (46 वर्ष), पति अशोक पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रविवार को खेत में काम करने गई थीं। काम पूरा करने के बाद वह पैदल अपने घर वापस लौट रही थीं, तभी रास्ते में मौसम अचानक बदल गया।
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। उस समय आसमान में बादल छाए हुए थे और मौसम खराब हो रहा था। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और महिला उसकी चपेट में आ गई। बिजली गिरते ही गीता बाई जमीन पर गिर पड़ीं। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इस दर्दनाक घटना का वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी कैमरे में आकाशीय बिजली गिरने का भयावह पल रिकॉर्ड हुआ है। वीडियो में घटना की अचानकता को देखा जा सकता है, जहां कुछ ही क्षणों में खेत से घर लौट रही महिला हादसे का शिकार हो जाती है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुछ समय पहले तक खेत में काम कर रही महिला की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में क्षेत्र में अक्सर मौसम अचानक बदल जाता है। ऐसे समय में खुले स्थानों और खेतों में काम करने वाले लोगों को आकाशीय बिजली से खतरा बना रहता है। प्रशासन की ओर से भी लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार बिजली चमकने और गरजने के समय खुले खेत, पेड़ के नीचे या खुले स्थानों पर खड़े होने से बचना चाहिए। इस घटना ने एक बार फिर मानसून के दौरान आकाशीय बिजली से होने वाले हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की जा रही है।
Next Story





