छत्तीसगढ़
घर की छत पर पहुंचा तेंदुआ, जर्मन शेफर्ड को दबोचकर ले गया जंगल
Shantanu Roy
25 Sept 2026 11:20 PM IST

x
छग
Kanker. कांकेर। जिले के चारामा क्षेत्र में जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके में पहुंचे तेंदुए ने एक पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ते का शिकार कर लिया। घटना चारामा के टिकरापारा वार्ड की है। यहां जंगल से लगे एक मकान की छत पर पहुंचे तेंदुए ने पालतू कुत्ते पर हमला किया और गर्दन दबोचकर उसे जंगल की ओर ले गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार टिकरापारा वार्ड निवासी परमेश्वर देवांगन का घर जंगल से लगा हुआ है। उन्होंने जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता पाल रखा था। 23 सितंबर की रात परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। उनका पालतू कुत्ता कुछ समय तक मकान की छत पर घूमने के बाद नीचे चला गया था। इसी बीच जंगल की ओर से आया एक तेंदुआ मकान की छत पर पहुंच गया। सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ छत पर इधर-उधर घूमता दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद जर्मन शेफर्ड नीचे से सीढ़ियों के रास्ते वापस छत की तरफ आने लगा।
कुत्ते की आहट मिलते ही तेंदुआ सतर्क हो गया। जैसे ही जर्मन शेफर्ड छत पर पहुंचा, तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने कुत्ते की गर्दन को अपने जबड़े में दबोच लिया और उसे लेकर वहां से निकल गया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ कुत्ते को लेकर घर के पीछे स्थित नाली की तरफ से जंगल की ओर चला गया। घटना के समय परिवार के लोगों को बाहर से कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजनों ने बाहर देखने की कोशिश की। परमेश्वर देवांगन के मुताबिक उन्होंने तेंदुए को कुत्ते को लेकर घर के पीछे की तरफ जाते देखा। रात में अंधेरा होने के कारण उस समय पूरा घटनाक्रम स्पष्ट नहीं हो पाया। अगली सुबह परिवार ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज देखने के बाद पता चला कि तेंदुआ पहले मकान की छत पर पहुंचा था और वहां कुछ देर चहलकदमी करता रहा। इसके बाद कुत्ते के छत पर आते ही उसने हमला कर दिया और उसे अपने साथ ले गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आसपास रहने वाले लोग भी सतर्क हो गए हैं।
जंगल से लगे रिहायशी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी के कारण लोगों में डर बना हुआ है। स्थानीय लोग खासकर रात के समय घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं और अपने पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं। घटना की जानकारी परमेश्वर देवांगन ने वन विभाग को दी है। वन विभाग के एसडीओ जेएस मरावी के अनुसार टीम को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए गश्त बढ़ाने की बात भी कही गई है। वन विभाग की ओर से लोगों को सतर्क करने के लिए क्षेत्र में सूचना बोर्ड लगाने की तैयारी है। जंगल से लगे इलाकों में रहने वाले लोगों को रात के समय विशेष सावधानी बरतने और वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की सलाह दी जा रही है। इधर जिले के एक स्कूल परिसर में भालू दिखाई देने की बात भी सामने आई है। लगातार रिहायशी क्षेत्रों के आसपास वन्यजीवों की मौजूदगी से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल वन विभाग तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और प्रभावित इलाके में गश्त बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।
Next Story





