छत्तीसगढ़

कुएं से निकाले गए तेंदुए की दर्दनाक मौत, शव मिला टुकड़ों में

Shantanu Roy
11 May 2025 7:31 PM IST
कुएं से निकाले गए तेंदुए की दर्दनाक मौत, शव मिला टुकड़ों में
x
छग
Gariaband. गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के पंडरीपानी जंगल में तेंदुए का शिकार कर उसके अंग निकाल लिए गए। यह वही इलाका है जहां 4 दिन पहले एक तेंदुए को कुएं से निकालकर रेस्क्यू किया गया था। जंगल में 500 मीटर के अंतराल पर दो अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए के शव के टुकड़े मिले हैं। तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाया। डर के कारण उन्होंने वन विभाग को सूचना नहीं दी। मीडियाकर्मियों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि तेंदुए की खाल, पंजे, नाखून और कई अन्य अंग गायब हैं।


डीएफओ लक्ष्मण सिंह ने बताया कि चिकित्सकीय टीम यह पता लगा रही है कि मृत तेंदुओं की संख्या एक है या दो। परिस्थितिजन्य साक्ष्य से यह शिकार का मामला प्रतीत हो रहा है। पिछले एक महीने से इस क्षेत्र में तेंदुओं की गतिविधियां बढ़ी हुई थीं। इससे पहले एक बच्चे पर हमला, पेड़ पर तेंदुए के चढ़ने की घटना और मुर्गी का शिकार करने के बाद कुएं में गिरे तेंदुए का रेस्क्यू जैसी घटनाएं सामने आई थीं। वन विभाग का मानना है कि शिकारी इन तेंदुओं पर नजर रखे हुए थे और मौका मिलते ही शिकार कर लिया।
Next Story