छत्तीसगढ़

तेंदुए का हमला, 3 साल की बच्ची को उठाकर ले जाने की कोशिश

Shantanu Roy
21 April 2026 11:33 PM IST
तेंदुए का हमला, 3 साल की बच्ची को उठाकर ले जाने की कोशिश
x
छग
Gariaband. गरियाबंद। जिले में एक बार फिर वन्यजीवों की हलचल से दहशत का माहौल बन गया है। कोटरीछापर गांव में एक तेंदुए ने 3 साल की मासूम बच्ची पर हमला कर उसे उठाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन मां और ग्रामीणों की सतर्कता से बच्ची की जान बच गई। मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय की है जब बच्ची अपने घर के आंगन के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने झपट्टा मारकर बच्ची को पकड़ लिया और उसे खींचकर ले जाने लगा। बच्ची की मां ने यह दृश्य देखते ही जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को घेर लिया और किसी तरह बच्ची को उसके चंगुल से छुड़ा लिया। इस दौरान तेंदुए ने बच्ची को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसके गर्दन और पैर में कई जगह चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल 1,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। साथ ही ग्रामीणों को जंगल के आसपास सतर्क रहने और बच्चों को अकेला बाहर न छोड़ने की सलाह दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र पहले भी तेंदुए की गतिविधियों के लिए जाना जाता रहा है। करीब दो महीने पहले भी इसी इलाके में एक बुजुर्ग पर तेंदुए ने हमला किया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही सुरक्षा के स्थायी उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वन विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाएगी और जरूरत पड़ने पर ट्रैप या अन्य उपायों के माध्यम से तेंदुए को नियंत्रित करने की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव की ओर संकेत करती है, जिसके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
Next Story