
x
छगरायगढ़
Raipur रायगढ़। महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत कोतरारोड पुलिस ने कार्यस्थल पर महिला कर्मी से कथित दुर्व्यवहार और लज्जा भंग के मामले में 39 वर्षीय आरोपी वीर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने 13 अगस्त को कोतरारोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोपी पर लज्जा भंग करने, यौन उत्पीड़न, अमर्यादित आचरण तथा मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए थे। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने BNS की धारा 74, 75 और 79 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी वीर सिंह गणित विषय का व्याख्याता है और स्कूल में नोडल का प्रभार भी संभाल रहा था। आरोप है कि वह महिला स्टाफ के साथ अनुचित व्यवहार करता था। पीड़िता के मुताबिक शासकीय अवकाश मांगने सहित विभिन्न अवसरों पर आरोपी कथित तौर पर उसे अपने साथ कार या ट्रेन से जाने, घर छोड़ने और अपने घर चलने जैसी बातें कहता था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शासकीय दस्तावेजों के लेन-देन के दौरान आरोपी गलत नीयत से हाथ छूता था। ड्यूटी निरीक्षण के बहाने खिड़की से घूरने और स्कूल की डेली डायरी को झटककर फेंकने जैसे व्यवहार के आरोप भी लगाए गए हैं।
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि तबीयत खराब होने के दौरान वह कक्षा में बैठकर बच्चों को पढ़ा रही थी। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बच्चों के सामने उसे अपमानित किया। लगातार इस तरह के व्यवहार के कारण मानसिक तनाव बढ़ने की बात भी शिकायत में कही गई। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज करने के साथ मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की। पुलिस के अनुसार विवेचना और पीड़िता के कथन के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने के बाद 14 अगस्त को आरोपी वीर सिंह को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक महिला और नाबालिगों से संबंधित शिकायतों पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ‘अभियान संवेदना’ के तहत लगातार त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





