छत्तीसगढ़

जिला स्तरीय सघन एड्स जागरूकता अभियान का शुभारंभ

Shantanu Roy
18 Aug 2026 11:00 PM IST
जिला स्तरीय सघन एड्स जागरूकता अभियान का शुभारंभ
x
छग
Raigarh. रायगढ़। राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार जिले में एचआईवी एवं एड्स के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सघन एड्स जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में लोगों को एचआईवी संक्रमण से बचाव, सुरक्षित उपायों और सही स्वास्थ्य जानकारी के प्रति जागरूक किया जाएगा। कलेक्टर के निर्देशन एवं सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में आज किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के एम.डी. मेडिसिन डॉ. पी.के. गुप्ता, अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के. गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम तथा जिला नोडल अधिकारी डॉ. जयकुमारी चौधरी सहित अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी, एनजीओ के सदस्य एवं प्रभारी उपस्थित रहे।


अभियान के अंतर्गत आगामी 12 अक्टूबर तक जिले में व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। डोर-टू-डोर जनजागरूकता के साथ ही जागरूकता रथ, माइकिंग और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों तक एचआईवी एवं एड्स से संबंधित सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य लोगों में एचआईवी संक्रमण को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना तथा संक्रमण से बचाव के सुरक्षित उपायों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों एवं सहयोगी संस्थाओं द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व की जानकारी दी जाएगी। जिले के सभी विकासखंडों में अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि एचआईवी/एड्स से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रांति पर विश्वास न करें और केवल प्रमाणिक स्वास्थ्य जानकारी पर भरोसा करें। जागरूकता और सुरक्षित व्यवहार अपनाकर एचआईवी संक्रमण से बचाव संभव है।
Next Story