छत्तीसगढ़
देर रात सड़क हादसा, एंबुलेंस नहीं पहुंची, ऑटो से अस्पताल ले जाते युवक की मौत
Shantanu Roy
6 Oct 2026 5:31 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर कलेक्टोरेट के पास आधी रात हुए सड़क हादसे में दोपहिया सवार तीन युवक घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस पेट्रोलिंग और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और करीब पौन घंटे तक एंबुलेंस के लिए संपर्क करती रही, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद घायलों को ऑटो के जरिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान रतनपुर निवासी भरत साहू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि हर्ष साहू और मयंक सिंह घायल हैं।
पुलिस के मुताबिक, भरत साहू कुदुदंड क्षेत्र में रहता था। रविवार रात वह अपने दोस्तों के साथ शहर में घूमने निकला था। रात करीब 12:30 बजे वह अपने दोस्त हर्ष साहू के साथ बाइक से मुंगेली नाका की तरफ से नेहरू चौक की ओर जा रहा था। पुलिस के अनुसार, जस्टिस बंगले के सामने भरत बाइक को रांग साइड से चला रहा था। इसी दौरान सामने से स्कूटी क्रमांक सीजी 10 बीएफ 8895 पर यदुनंदन नगर निवासी मयंक सिंह आ रहा था। अचानक आमने-सामने की स्थिति बनने पर भरत बाइक को नियंत्रित नहीं कर पाया और स्कूटी से टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद बाइक और स्कूटी सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए। भरत मौके पर ही बेहोश हो गया, जबकि हर्ष के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। मयंक सिंह को भी चोट लगी। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को उठाने के साथ पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में पुलिस पेट्रोलिंग और डायल-112 की टीम भी पहुंच गई। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस से संपर्क किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कई बार फोन किया, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।
घायल सड़क पर दर्द से कराहते रहे। करीब पौन घंटे तक इंतजार करने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने ऑटो की व्यवस्था की और तीनों को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से सिम्स की दूरी लगभग डेढ़ किलोमीटर बताई जा रही है। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने भरत साहू की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। हर्ष साहू और मयंक सिंह का इलाज किया गया। हादसे के बाद एंबुलेंस नहीं पहुंचने को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल भी उठ रहे हैं। सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची थी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित किया है।
उन्होंने बताया कि अब तक दोनों पक्षों की ओर से थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। प्रारंभिक जांच में बाइक के रांग साइड में जाकर स्कूटी से टकराने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिलासपुर में देर रात होने वाले सड़क हादसों के आंकड़े भी चिंता बढ़ा रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, जनवरी 2022 से सितंबर 2026 के बीच शहर में कुल 144 सड़क हादसे हुए। इनमें 58 लोगों की मौत हुई और 202 लोग घायल हुए।
महाराणा प्रताप चौक और नेहरू चौक क्षेत्र में इन वर्षों के दौरान 43 लोगों की मौत होने की बात सामने आई है। हादसे दिन और रात दोनों समय हुए, लेकिन उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार करीब 70 प्रतिशत हादसे रात 8 बजे से सुबह 8 बजे के बीच हुए हैं। रात के समय होने वाले हादसों में ओवरस्पीड और नशे को प्रमुख कारणों में बताया गया है। इस घटना में भी प्रारंभिक तौर पर रांग साइड से वाहन चलाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Next Story





