छत्तीसगढ़

चेक पेमेंट के नाम पर 1.90 करोड़ की जमीन हड़पी, केस दर्ज

Shantanu Roy
29 May 2026 11:35 PM IST
चेक पेमेंट के नाम पर 1.90 करोड़ की जमीन हड़पी, केस दर्ज
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर के तालापारा क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से करोड़ों रुपये की जमीन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने चेक पेमेंट का झांसा देकर करीब 1.90 करोड़ रुपये की जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली और बाद में रकम दिए बिना फरार हो गया। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गोंड़पारा साईं मंदिर के पास रहने वाली 60 वर्षीय मंजूलता आनंद
की तालापारा स्थित पैतृक जमीन का सौदा 1 करोड़ 90 लाख 86 हजार रुपये में तय हुआ था। जमीन खरीदने वाले ने खुद को भारतीय नगर निवासी अंकित कुमार एक्का बताया और सौदे को आगे बढ़ाया। इसके बाद 19 मार्च को पंजीयक कार्यालय में जमीन की रजिस्ट्री कराई गई।
बताया जा रहा है कि रजिस्ट्री दस्तावेज में चार चेक दिए जाने का उल्लेख किया गया था, ताकि लेनदेन को वैध दर्शाया जा सके। इसी भरोसे पर पीड़िता ने जमीन की रजिस्ट्री कर दी। रजिस्ट्री के बाद आरोपी ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही चारों चेक उनके बैंक खाते में जमा कर देगा और पूरी राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। पीड़िता का आरोप है कि रजिस्ट्री के बाद न तो आरोपी ने कोई भुगतान किया और न ही चेक सौंपे। जब उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और मिलने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद यह भी सामने आया कि आरोपी ने रजिस्ट्री के तुरंत बाद अधिकारियों को गुमराह कर जमीन का नामांतरण भी अपने नाम करा लिया।
पीड़िता करीब दो महीने तक न्याय के लिए भटकती रही, जिसके बाद उन्होंने बुधवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों और बैंकिंग लेनदेन की जांच की जा रही है, साथ ही आरोपी की तलाश भी जारी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस धोखाधड़ी में कोई अन्य व्यक्ति या दस्तावेजी प्रक्रिया में शामिल कर्मचारी की भूमिका तो नहीं रही। शुरुआती जांच में यह मामला सुनियोजित तरीके से की गई जमीन धोखाधड़ी का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Next Story