छत्तीसगढ़

रायपुर में महिला से लाखों की ठगी, आरोपी भिलाई से गिरफ्तार

Shantanu Roy
5 May 2022 4:39 PM GMT
रायपुर में महिला से लाखों की ठगी, आरोपी भिलाई से गिरफ्तार
x
छग

भिलाई। भगवान दिखाने के नाम पर एक महिला से जेवर ठगी करने वाले दो शातिर पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास के एक लाज से पकड़े गए हैं। आरोपित महाराष्ट्र के अमरावती गिरोह के सदस्य हैं। आरोपितों का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद दुर्ग पुलिस यहां सक्रिय हुई और आरोपितों को पकड़ा। दोनों आरोपितों को डीडी नगर रायपुर पुलिस के हवाले किया गया है।

महाराष्ट्र के अमरावती निवासी राजेंद्र किशन शिंदे (45) और धर्मेंद्र दशरथ सावंत (43) ने बुधवार को रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र के रायपुरा निवासी रेखा गौतम नाम की महिला से ठगी थी। दोनों आरोपित उससे मिले और जेवर में भगवान दिखाने के नाम पर ठगी की थी। आरोपितों ने महिला को झांसा दिया था कि वे अपने गुरु से जेवर की पूजा करवाकर देंगे तो उसमें भगवान के दर्शन होंगे और उससे घर में समृद्धि होगी।
आरोपितों के झांसे में आकर महिला ने सोने का मंगलसूत्र और कान की बाली उतारकर आरोपितों को दे दिया था। जिसे लेकर दोनों आरोपित जेवर लेकर फरार हो गए थे। इसकी शिकायत पर डीडी नगर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उनका फुटेज वायरल किया था। फुटेज मिलते ही दुर्ग पुलिस सक्रिय हुई और शहर के सभी लाज और सार्वजनिक स्थानों की जांच शुरू की। जांच के दौरान पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास स्थित लैंडमार्क लाज में दोनों आरोपित मिले। दुर्ग पुलिस ने दोनों आरोपितों को पकड़कर रायपुर पुलिस के हवाले किया है।
सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद यहां भी पुलिस सक्रिय हुई थी। जिसके चलते दोनों आरोपित पकड़े गए और उन्हें डीडी नगर पुलिस के हवाले किया गया है।
संजय ध्रुव, एएसपी शहर
Shantanu Roy

Shantanu Roy

    Next Story