छत्तीसगढ़

देवगुड़ी निर्माण के दौरान छत गिरने से मजदूर की मौत

Shantanu Roy
10 April 2026 11:09 PM IST
देवगुड़ी निर्माण के दौरान छत गिरने से मजदूर की मौत
x
छग
Kondagaon. कोंडागांव। जिले के कोंगेरा गांव में देवगुड़ी निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें छत ढहने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना गुरुवार शाम सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब निर्माण कार्य के दौरान सेंट्रिंग हटाई जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छत की ढलाई पूरी होने के बाद नीचे लगी सेंट्रिंग हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी छत भरभराकर गिर गई और मजदूर मलबे के नीचे दब गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य मजदूरों ने किसी तरह मलबा हटाकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान ग्राम अरण्डी निवासी लगभग 40 वर्षीय दुर्योधन सिंह ठाकुर के रूप में हुई है। वह रोजी-रोटी के लिए मजदूरी करता था और इसी निर्माण कार्य में लगा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही कोंडागांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हादसा तकनीकी खराबी या निर्माण प्रक्रिया में हुई त्रुटि के कारण हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

इधर, घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश देखा गया। परिजनों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही थी। मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार, इंजीनियर और अन्य जिम्मेदारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story