छत्तीसगढ़

बिलासपुर में रात की गश्त के दौरान चाकूबाज गिरफ्तार

Shantanu Roy
19 Aug 2026 11:19 PM IST
बिलासपुर में रात की गश्त के दौरान चाकूबाज गिरफ्तार
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। शहर में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए चलाए जा रहे पुलिस गश्त अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रात के समय धारदार बटनदार चाकू लेकर घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले में अवैध रूप से हथियार रखने वालों और चाकूबाजी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने सभी थाना क्षेत्रों में प्रभावी पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर बिलासपुर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना तारबाहर पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जा रही थी।
इसी दौरान थाना प्रभारी तारबाहर निरीक्षक रविशंकर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि पेट्रोलिंग पर निकली हुई थी। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बंगला यार्ड पानी टंकी के पास तारबाहर क्षेत्र में एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में धारदार बटनदार चाकू लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अरमान खान (20 वर्ष), पिता फिरोज खान, निवासी रविदास चौक के पास करबला, थाना कोतवाली, जिला बिलासपुर बताया। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पेंट की जेब से एक स्टील का धारदार बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही हथियार को जब्त कर लिया और आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
तारबाहर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार रात्रि गश्त की जा रही है। पुलिस की टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि क्षेत्र में कोई व्यक्ति संदिग्ध गतिविधि करता दिखाई दे या अवैध हथियार रखता हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक रामनरेश यादव, प्रधान आरक्षक जय सिंह ध्रुवे, आरक्षक महेंद्र सोनकर, आरक्षक राजेश श्रीवास और आरक्षक नुरूल कादिर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story