छत्तीसगढ़

अपहरण कर युवक की पिटाई, तीस हजार भी लूटे, सपड़ाए

Nilmani Pal
1 Feb 2022 6:46 AM GMT
अपहरण कर युवक की पिटाई, तीस हजार भी लूटे, सपड़ाए
x

फल कारोबारी को बोरिया बिस्तर समेट कर यूपी जाने धमकाया

रायपुर (जसेरि)। राजधानी में स्ट्रॉबेरी के कारोबार को लेकर एक युवक का अपहरण कर उसकी जमकर पिटाई की गई। अपहरणकर्ता युवक को जबरदस्ती कार में बिठाकर नवा रायपुर के सूनसान इलाके में ले गए। वहां उससे 30 हजार लूट लिए। फिर युवक को सामान समेटकर तुरंत यूपी जाने की धमकी दी गई। उसके बाद शंकर नगर के पास छोड़कर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने पीडि़त की रिपोर्ट पर केस दर्ज करने के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मूलत: यूपी सुल्तानपुर निवासी मो. महताब शेख स्ट्रॉबेरी का कारोबार करता है। वह हर साल स्ट्रॉबेरी बेचने रायपुर आता है। इस बार भी वह अपने भाई के साथ रायपुर आ रहा था।

उसके आने के एक-दो पहले उसके रिश्तेदार मोहम्मद अफजल का फोन आया है। वह रायपुर में स्ट्रॉबेरी का कारोबार करता है। उसने महताब को धमकी दी कि इस बार अगर वह स्ट्रॉबेरी के बेचने रायपुर आया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। उसके यानी महताब के कारण उसका धंधा प्रभावित होता है। महताब पर इस धमकी का कोई असर नहीं हुआ। वह अपने भाई नसीम के साथ 27 जनवरी को स्ट्रॉबेरी लेकर रायपुर आया। रविवार को सुबह वह शंकर नगर में स्ट्रॉबेरी की दुकान लगा रहा था। उसी दौरान अफजल, अमजद शेख, पंकज सोनी और हन्नी वासनिक कार में आए। उन्होंने महताब को जबरदस्ती कार में बिठाया और नवा रायपुर ले गए। नवा रायपुर जंगल सफारी के पास ले जाकर उन्होंने महताब की जमकर पिटाई की। उसे बेल्ट से पीटा। उसके जेब से 30 हजार रुपए भी लूट लिए। दो घंटे बाद महताब को शंकर नगर के पास छोड़कर भाग निकले। इसकी पुलिस में शिकायत की गई। जांच के बाद पुलिस ने अपहरण, लूट और मारपीट का केस दर्ज किया। अफजल और अमजद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 7 दिन पहले ही आरोपी पंकज सोनी दुर्ग जेल से छूटा है। उसके बाद फिर वारदात करने लग गया। उसके खिलाफ दुर्ग में कई केस दर्ज है।

Next Story