छत्तीसगढ़
खमतराई पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
27 Sept 2026 10:02 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध शराब के खिलाफ नॉर्थ जोन पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में खमतराई थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 37 पौवा गोवा स्पेशल व्हिस्की जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 6.660 बल्क लीटर है, जिसकी कीमत करीब 4 हजार 440 रुपए बताई गई है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी दौरान खमतराई पुलिस को मुखबिर से अवैध शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना खमतराई क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान 27 सितंबर 2026 को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित बालाजी चौक के पास पुलिस को सूचना मिली कि आरव्हीएच कॉलोनी छोटापारा निवासी एक व्यक्ति अपने घर के बाहर बोरी में अवैध शराब छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना खमतराई पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ई. सुरेश रॉव पिता ई. तारकेश्वर रॉव, उम्र 25 वर्ष, निवासी आरव्हीएच कॉलोनी छोटापारा, थाना खमतराई, जिला रायपुर बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे में रखी हरे रंग की प्लास्टिक बोरी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोरी से 37 पौवा गोवा स्पेशल व्हिस्की बरामद हुई। प्रत्येक पौवा 180 एमएल का था, जिसकी कुल मात्रा 6.660 बल्क लीटर बताई गई है। शराब के संबंध में पुलिस ने आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर लिया।
मामले में थाना खमतराई में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1048/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। नॉर्थ जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Next Story





