छत्तीसगढ़

खैरागढ़ उपचुनाव: बीजेपी प्रत्याशी कोमल जंघेल ने भरा नामांकन

Nilmani Pal
24 March 2022 9:22 AM GMT
खैरागढ़ उपचुनाव: बीजेपी प्रत्याशी कोमल जंघेल ने भरा नामांकन
x

राजनांदगांव। खैरागढ़ विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल ने नामांकन भरा। प्रदेशभर के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में सबसे पहले राजनांदगांव के सिंधु भवन में सभा हुई। सभा में भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने के लिए ओजस्वी व्यक्तव्य दिए।

अपने भाषण में पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि हाल ही में देश के चार राज्यों में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। देश की जनता भाजपा के साथ है, इसी तरह खैरागढ़ उपचुनाव में भी जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलेगा। पूर्व सीएम रमन सिंह ने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि इस चुनाव को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकनी है। डा. रमन ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जनघोषणाओं को पूरा नहीं किया। शराब बन्दी की बात कही गई थी, लेकिन होली में पहली बार 1500 करोड़ की शराब सरकार ने बेची। प्रदेश में सरकार का नहीं माफियाओं का राज है। डा. रमन ने कहा कि खैरागढ़ उपचुनाव जीतना है, इसी संकल्प को लेकर मैदान में जाना है। नेताओं के ओजस्वी भाषण से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने रैली में जमकर जोश दिखाया। इससे पहले पूर्व सीएम रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के साथ ही अन्य नेताओं के राजनांदगांव पहुंचने पर उत्साहित कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। रैली की शक्ल में नामांकन दफ्तर पहुंचकर प्रत्याशी कोमल जंघेल ने नामांकन दाखिल किया।


Next Story