छत्तीसगढ़

पौधों की सुरक्षा पर रखें विशेष जोर - कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा

Nilmani Pal
18 July 2023 12:27 PM GMT
पौधों की सुरक्षा पर रखें विशेष जोर - कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा
x

रायगढ़. जिले में वृहत वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत हो चुकी है। पौधे लगाने के साथ पौधों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देना है। जिससे ये पौधे विकसित होकर पेड़ बने। उक्त बातें कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने आज समय-सीमा की बैठक में कही। जिले में वृहत वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री सिन्हा की पहल पर 1 हजार एकड़ में 5 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। हरेली के दिन 17 जुलाई को तमनार के मौहापाली से अभियान की शुरुआत की गई है।

कलेक्टर सिन्हा ने महिला बाल विकास विभाग के काम की समीक्षा करते हुए कहा कि गंभीर कुपोषित बच्चों की नियमित मॉनिटरिंग जरूरी है। पिछले दिनों दौरे पर देखने को मिला कि कुपोषित बच्चे आंगनबाड़ी ही नही आए थे। ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए। ऐसे बच्चों के पालकों को समझाइश दें कि बच्चों के सेहत की उचित देखरेख और पोषण आहार देना बेहद जरूरी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऐसे बच्चों के अनिवार्य रूप से गृह भेंट करें। स्थानीय जन प्रतिनिधियों को भी इसमें शामिल करें। इसके साथ ही उन्होंने कुपोषित बच्चों वाले पंचायतों की मैपिंग करने के लिए कहा। जिससे बच्चों के स्वास्थ्य सुधार की निगरानी की जा सके। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि इसके साथ ही सभी अधिकारी जिनकी ड्यूटी छात्रावास और आश्रमों के निरीक्षण में लगी है उनके प्रतिमाह निरीक्षण कर प्रतिवेदन दें।

9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। कलेक्टर श्री सिन्हा ने संबंधित विभागों को इसकी तैयारी के निर्देश दिए। कलेक्टर सिन्हा ने आयुष्मान कार्ड निर्माण की भी समीक्षा की। बताया गया कि सभी ब्लॉक में कार्ड बनाने का कार्य किया जा रहा है। बुधवार को इसके लिए विशेष शिविर भी आयोजित होने जा रहा है। कलेक्टर सिन्हा अधिक से अधिक लोगों के कार्ड इस शिविर के माध्यम से बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिन्हा ने जिले में खाद बीज के भंडारण और वितरण के बारे में जानकारी ली। प्रभारी अधिकारी ने बताया कि जिले में अभी खाद का पर्याप्त भंडारण है।

Next Story