
x
छग
Khairagarh खैरागढ़: जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खैरागढ़ पुलिस द्वारा असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्षेत्र में विवाद, अशांति और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने वाले दो व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के आदेश पर जेल दाखिल कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना खैरागढ़ क्षेत्र में विवाद करने, अशांति फैलाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। इस कार्रवाई के तहत सूरज यदु पिता महेश यदु निवासी पाण्डादाह, थाना खैरागढ़ और महेश्वर निषाद पिता माखन निषाद निवासी अमलीडीह खुर्द, थाना खैरागढ़, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए इस्तगासा क्रमांक 49/345/2026 एवं 50/346/2026 तैयार कर सक्षम न्यायालय, कार्यपालिक दण्डाधिकारी खैरागढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों व्यक्तियों को न्यायालय के आदेशानुसार जेल दाखिल कराया गया है।
खैरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अशांति या अवैधानिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Next Story





