
x
छग
Raipur रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर राजधानी रायपुर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार सिटी कोतवाली थाना परिसर में होने वाला श्रीकृष्ण जन्मोत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। कृष्ण मित्र फाउंडेशन की ओर से आयोजित होने वाला यह आयोजन इस वर्ष अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सिटी कोतवाली थाने के अंदर स्थित कारागार को आकर्षक रूप से सजाया गया है। इसी स्थान पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप यानी लड्डू गोपाल की प्रतिमा स्थापित की गई है। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी सजावट और धार्मिक वातावरण के साथ तैयार किया गया है।
आयोजकों के अनुसार, हर साल जन्माष्टमी के अवसर पर सिटी कोतवाली में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य भगवान कृष्ण के जीवन संदेश, धर्म और सत्य के मार्ग को लोगों तक पहुंचाना है। इस बार भी जन्माष्टमी की रात विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष आरती और उत्सव मनाया जाएगा।
थाना परिसर में होने वाला यह आयोजन अपनी अनोखी परंपरा के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय रहता है। आमतौर पर जहां थाने कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए जाने जाते हैं, वहीं जन्माष्टमी के अवसर पर यहां भक्ति और आध्यात्मिक माहौल देखने को मिलता है। कार्यक्रम को लेकर पुलिस और आयोजन समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर शहरभर में उत्साह का माहौल है। मंदिरों से लेकर घरों तक सजावट की जा रही है और भक्त कान्हा के जन्म के उस शुभ क्षण का इंतजार कर रहे हैं। सिटी कोतवाली में आयोजित होने वाला यह 11वां श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एक बार फिर श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का संदेश देगा।
Next Story





